बक्सर में हादसों की तिहरी मार, एनएच-922 पर दो युवक जिंदगी और मौत के बीच
बक्सर जिले में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं तेज रफ्तार वाहनों का कहर लोगों को घायल कर रहा है, तो कहीं रेल यात्रा के दौरान छोटी-सी चूक जान पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई।


__ चुरामनपुर में बाइक दुर्घटना में दो गंभीर, गोलंबर पर वाहन की टक्कर से युवक घायल; स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान यात्री जख्मी
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर जिले में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं तेज रफ्तार वाहनों का कहर लोगों को घायल कर रहा है, तो कहीं रेल यात्रा के दौरान छोटी-सी चूक जान पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई। इनमें चुरामनपुर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गोलंबर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक जख्मी हुआ। वहीं, बक्सर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से एक यात्री घायल हो गया। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क और रेल सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

__ एनएच-922 पर बाइक दुर्घटना, दो युवकों की हालत गंभीर
सबसे गंभीर हादसा मंगलवार शाम करीब सात बजे औद्योगिक थाना क्षेत्र के चुरामनपुर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के सामने हुआ। आरा-बक्सर फोरलेन पर बाइक सवार दो युवक दुर्घटना के शिकार हो गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया।घायलों की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के बलिहार गांव निवासी राजाबाबू, पिता चंद्रिका राम, तथा दुल्लहपुर गांव निवासी नीलेश पांडेय, पिता रघुनाथ पांडेय, के रूप में हुई है। अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।दुर्घटनाग्रस्त बाइक का पंजीकरण नंबर बीआर 44 एक्स 4898 है। उपलब्ध पंजीकरण संबंधी जानकारी के अनुसार, बाइक दुल्लहपुर गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी सालोनी कुमारी के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। औद्योगिक थाना पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

__ गोलंबर पर अज्ञात वाहन की टक्कर
दूसरी घटना बक्सर गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय सुजीत चौरसिया घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति खतरे से बाहर थी। उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।

__ स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय फिसला पैर
तीसरी घटना सोमवार को बक्सर रेलवे स्टेशन पर हुई थी। नगर थाना क्षेत्र के सिंडिकेट निवासी धर्मेंद्र गोंड, पिता छोटक गोंड, ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से घायल हो गए। उनका इलाज जारी है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें रेफर करने की तैयारी की जा रही थी।लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने यातायात सुरक्षा और यात्रियों की सतर्कता की जरूरत को फिर रेखांकित किया है। हालांकि, दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

