गंगा में समाया मासूम: स्नान के दौरान बड़े भाई की डूबकर मौत, छोटे को बचाया गया, गांव में पसरा मातम

सोमवार की सुबह गंगा स्नान एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। माता-पिता के साथ गंगा तट पहुंचे दो भाइयों में से एक की नदी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे को समय रहते बचा लिया गया। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाढ़ोपुर नारा के समीप सुबह करीब पांच बजे हुआ।

गंगा में समाया मासूम: स्नान के दौरान बड़े भाई की डूबकर मौत, छोटे को बचाया गया, गांव में पसरा मातम

केटी न्यूज/बक्सर

सोमवार की सुबह गंगा स्नान एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। माता-पिता के साथ गंगा तट पहुंचे दो भाइयों में से एक की नदी में डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे बच्चे को समय रहते बचा लिया गया। हादसा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाढ़ोपुर नारा के समीप सुबह करीब पांच बजे हुआ।मृतक की पहचान जोकहीं गांव निवासी दिनेश राय के 12 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि परिवार के लोग गंगा स्नान के लिए तट की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे आगे निकल गए और उत्साह में गंगा में छलांग लगा दी।

कुछ ही क्षणों में दोनों गहरे पानी में जाने लगे और मदद के लिए चिल्लाने लगे।बच्चों को डूबता देख परिजन और आसपास मौजूद लोग तत्काल उनकी ओर दौड़े। काफी मशक्कत के बाद छोटे भाई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन हिमांशु नदी की तेज धारा और गहराई में समा गया। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद बालक को नदी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु राय ने बताया कि हादसे की जानकारी मुफस्सिल थाना को दे दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने आने की सलाह दी है।एक पल की असावधानी ने परिवार की खुशियां छीन लीं। हिमांशु की मौत से जोकहीं गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।