गश्ती पर निकली पुलिस जीप को ट्रक ने रौंदा, चालक लहूलुहान; टक्कर से राइफल भी टूटी
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा, जब नियमित गश्त पर निकली कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस जीप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर मौजूद एक जवान की राइफल का मजबूत बट्ट तक फट गया।
__ एनएच-922 पर सुबह बड़ा हादसा, ट्रक लेकर फरार हुआ चालक, सीसीटीवी के सहारे तलाश में जुटी पुलिस
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग 922 पर सोमवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा, जब नियमित गश्त पर निकली कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस जीप को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की ताकत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मौके पर मौजूद एक जवान की राइफल का मजबूत बट्ट तक फट गया।जानकारी के अनुसार, कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस टीम रोजाना की तरह सोमवार सुबह एनएच-922 के उत्तरी लेन पर गश्त करते हुए पूरब दिशा की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक अचानक पुलिस वाहन से जा भिड़ा।

टक्कर इतनी तेज थी कि जीप सड़क किनारे जा फेंकी गई और इंजन सहित सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।इस हादसे में पुलिस वाहन चला रहे चालक संतोष कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उनके सिर में गहरी चोट लगी, जिससे काफी खून बहने लगा। साथ ही सीने में भी चोट की शिकायत बताई गई है। घटना के तुरंत बाद साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए घायल चालक को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन निगरानी में रखा गया है।घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को देखकर लोग हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाते रहे। पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि टक्कर के दौरान एक जवान की सरकारी राइफल का बट्ट टूटकर फट गया। आमतौर पर बेहद मजबूत मानी जाने वाली राइफल का हिस्सा टूटना हादसे की तीव्रता को दर्शाता है।उधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। कृष्णाब्रह्म थाना में पुलिस के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और ट्रक की पहचान में जुटी है।थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी और वाहन की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

