प्रसव के दौरान नवजात की मौत पर इटाढ़ी पीएचसी में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटाढ़ी में रविवार को प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल की स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने और समय पर उचित देखभाल नहीं करने का आरोप लगाया।

केटी न्यूज/इटाढ़ी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटाढ़ी में रविवार को प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई। परिजनों ने अस्पताल की स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही बरतने और समय पर उचित देखभाल नहीं करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।जानकारी के अनुसार, इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बिझौरा गांव निवासी राजकुमार प्रसाद की पत्नी नेहा देवी को रविवार की सुबह प्रसव पीड़ा के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इटाढ़ी में भर्ती कराया गया था।

परिजनों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती कराने के समय प्रसूता की स्थिति सामान्य बताई गई थी। लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि इस दौरान अस्पताल कर्मियों ने स्थिति की सही जानकारी नहीं दी और इलाज में लापरवाही बरती गई।परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसव प्रक्रिया के दौरान जरूरी सावधानी नहीं बरती गई, जिसके कारण नवजात की जान चली गई। नवजात की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर इटाढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास उपाध्याय ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रसूता की बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया है।इधर, इटाढ़ी थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मृत नवजात के पिता की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

