नरबतपुर में मां काली महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
नगर के नरबतपुर स्थित मां काली मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।

__ पूर्णिमा पर विशेष पूजा-अर्चना, देवी जागरण और सम्मान समारोह ने धार्मिक माहौल को बनाया आकर्षण का केंद्र
केटी न्यूज/चौसा
नगर के नरबतपुर स्थित मां काली मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। दिनभर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और भक्ति कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। विधिवत पूजा-अर्चना और मां काली के विशेष श्रृंगार के बाद श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में मत्था टेककर अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। मंदिर परिसर मां काली के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं अधिवक्ता विनोद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन में योगदान देने वाले व्यास मंडली के कलाकारों तथा पूजा समिति के सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि मां काली की आराधना से लोगों में सकारात्मक सोच, आत्मबल और सामाजिक एकता का भाव मजबूत होता है।वार्षिकोत्सव का प्रमुख आकर्षण भक्ति संगीत एवं देवी जागरण कार्यक्रम रहा। चौसा के केशव व्यास और नोखा की इंदु सिंह ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

देवी गीतों और भजनों की प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर देर दोपहर तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि मां काली का वार्षिकोत्सव प्रत्येक वर्ष पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। आयोजन को सफल बनाने में सुग्रीम चौधरी पतिवा, सुनील चौधरी, मुन्ना चौधरी सहित समिति के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

