आपसी भाईचारे और अकीदत के साथ मनाया गया मुहर्रम, ताजिया जुलूस में उमड़ी भीड़
स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के नावानगर, भटौली, सोनवर्षा सहित विभिन्न गांवों में मुहर्रम का पर्व श्रद्धा, अकीदत और आपसी सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। पर्व के दौरान मुस्लिम समुदाय ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए ताजिया जुलूस निकाला, वहीं हिंदू समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेकर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की।


केटी न्यूज/नावानगर
स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के नावानगर, भटौली, सोनवर्षा सहित विभिन्न गांवों में मुहर्रम का पर्व श्रद्धा, अकीदत और आपसी सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। पर्व के दौरान मुस्लिम समुदाय ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए ताजिया जुलूस निकाला, वहीं हिंदू समुदाय के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेकर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की।नावानगर में गुरुवार की रात पुराना बाजार, पंचरास्ता समेत तीन स्थानों से ताजिया निकाला गया। ताजिया पूरे गांव का भ्रमण करने के बाद पुनः निर्धारित स्थानों पर स्थापित किया गया, जहां लोगों ने फातिहा पढ़कर देश और समाज में अमन-चैन की दुआ मांगी।

इस दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच गदका, बान-बनैठी एवं अन्य पारंपरिक युद्धक कलाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शुक्रवार को अंजुमन इस्लामिया हुसैनी कमिटी के तत्वावधान में भव्य मुहर्रम जुलूस निकाला गया। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। वहीं, सोनवर्षा में अंजुमन इस्लामिया कमिटी द्वारा निकाले गए मुहर्रम जुलूस में भी हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की सुंदर मिसाल देखने को मिली।

पूरे प्रखंड में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान मजिस्ट्रेट के साथ सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार अपने दल-बल के साथ मुस्तैद थे। जुलूस में ईशा मंसूरी, क्यामुद्दीन सिद्दीकी, मकसूद अंसारी, रईस अजहर, अनीस अजहर, सलीम, जावेद आलम, इजहार, डॉ. साबिर, पाले खान, शोले शबनम, फिरोज सिद्दीकी, लड़न अंसारी, सुल्तान सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

