बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डुमरांव में सौहार्द बनाए रखने की अपील
आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डुमरांव थाना परिसर में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।


केटी न्यूज/डुमरांव
आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डुमरांव थाना परिसर में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार पांडेय एवं थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखने की अपील की।

अधिकारियों ने कहा कि बकरीद सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग का पर्व है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर इसे शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भड़काऊ संदेशों पर ध्यान नहीं देने की भी अपील की गई।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस बल लगातार गश्त करेगा।

वहीं बीडीओ संदीप कुमार पांडेय ने राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। साथ ही साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।बैठक में नगर परिषद के प्रधान सहायक दुर्गेश कुमार सिंह सहित समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने तथा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।

