वामन द्वादशी पर बक्सर आएंगे सीएम सम्राट, पूजा से विकास योजनाओं तक रहेगा फोकस

वामन द्वादशी के अवसर पर बुधवार को बक्सर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का करीब 80 मिनट का प्रवास रहेगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की रूपरेखा जारी कर दी है। धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रम के साथ मुख्यमंत्री इस दौरान ग्रामीण विकास, जीविका, विभागीय योजनाओं और कैनाल प्रोजेक्ट की प्रगति से भी रूबरू होंगे।

वामन द्वादशी पर बक्सर आएंगे सीएम सम्राट, पूजा से विकास योजनाओं तक रहेगा फोकस

__ भगवान वामन मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना, चुरामनपुर में जीविका दीदियों से संवाद और कैनाल प्रोजेक्ट का लेंगे जायजा

केटी न्यूज/बक्सर।

वामन द्वादशी के अवसर पर बुधवार को बक्सर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का करीब 80 मिनट का प्रवास रहेगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की रूपरेखा जारी कर दी है। धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रम के साथ मुख्यमंत्री इस दौरान ग्रामीण विकास, जीविका, विभागीय योजनाओं और कैनाल प्रोजेक्ट की प्रगति से भी रूबरू होंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे पटना से हवाई मार्ग से बक्सर हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से पांच मिनट बाद सड़क मार्ग से भगवान वामन मंदिर के लिए रवाना होंगे। दोपहर 12:30 बजे मंदिर पहुंचने के बाद करीब 20 मिनट तक भगवान वामन की पूजा-अर्चना करेंगे। वामन द्वादशी के मौके पर मुख्यमंत्री का मंदिर पहुंचना धार्मिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

__चुरामनपुर में योजनाओं की जमीनी तस्वीर देखेंगे

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री 12:50 बजे चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन के लिए रवाना होंगे। मंदिर से चुरामनपुर जाने के दौरान वे चरित्रवन सोन नहर और आसपास के इलाकों का बिना रुके अवलोकन करेंगे। करीब एक बजे पंचायत सरकार भवन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री जीविका भवन का निरीक्षण करेंगे।इसके बाद ‘कहानी बदलाव’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लाभुकों से सीधा संवाद करेंगे। जीविका दीदियों से मुलाकात के दौरान वे उनके काम, अनुभव और स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान कैनाल प्रोजेक्ट के 3डी मॉडल और पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से परियोजना की जानकारी दी जाएगी।

__ भाजपा कार्यकर्ताओं से भी करेंगे मुलाकात

चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में निर्धारित कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री 1:20 बजे अहिरौली स्थित भाजपा कार्यालय के लिए रवाना होंगे। करीब 1:25 बजे कार्यालय पहुंचकर वे पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। यहां करीब 10 मिनट का कार्यक्रम निर्धारित है।इसके बाद मुख्यमंत्री 1:35 बजे सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में बनाए गए हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। 1:40 बजे हेलीपैड पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने कार्यक्रम स्थलों और निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा, यातायात तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी तेज कर दी है। प्रशासनिक अमला मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रम को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में जुटा है।