वारंटियों पर डुमरांव पुलिस का शिकंजा, आठ गिरफ्तार
लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर डुमरांव पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान चलाते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में व्यापक छापेमारी की। सोमवार की रात से मंगलवार की दोपहर तक चले इस अभियान में पुलिस ने कुल आठ वारंटियों को गिरफ्तार किया।

__ अलग-अलग गांवों और मोहल्लों में रातभर चली छापेमारी, कार्रवाई से फरार आरोपितों में मचा हड़कंप
केटी न्यूज/डुमरांव।
लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर डुमरांव पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान चलाते हुए थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में व्यापक छापेमारी की। सोमवार की रात से मंगलवार की दोपहर तक चले इस अभियान में पुलिस ने कुल आठ वारंटियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटियों में बंझु डेरा गांव निवासी श्रीमति सिंह, पिता जदू सिंह तथा तेजन सिंह उर्फ तेज नारायण सिंह शामिल हैं।

वहीं डुमरांव नगर के वार्ड संख्या-14 स्थित गिरधारी लाल की गली से संजय चौधरी, पिता लक्ष्मण चौधरी को गिरफ्तार किया गया। नथुनी के बाग मोहल्ले से रामी उर्फ शामी यादव और राम प्रसाद यादव, दोनों पिता विश्वनाथ यादव, पुलिस के हत्थे चढ़े। इसके अलावा चतुरसालगंज से संजय कुमार, पिता पोतन सिंह तथा राज कुमार, पिता कन्हैया यादव को गिरफ्तार किया गया। नंदन गांव से धनजी महतो, पिता रामविलास महतो की गिरफ्तारी हुई।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया था।

इसके तहत संभावित ठिकानों की पहचान कर अलग-अलग टीमों के माध्यम से छापेमारी की गई और आठ वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।पुलिस की लगातार कार्रवाई से थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और अन्य आरोपितों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

