दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड के लिए 25 से विशेष शिविर
जिले के दिव्यांगजनों को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान-पत्र (यूडीआईडी कार्ड) उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन को लेकर जिले के पांच प्रखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग के निर्देश पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 से 30 सितंबर के बीच प्रखंडवार शिविर लगाकर दिव्यांगजनों के आवेदन, प्रमाण-पत्र एवं मेडिकल मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

__ पांच प्रखंडों में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17,989 आवेदनों में 14,989 कार्ड जारी, 2,469 आवेदन अब भी लंबित
केटी न्यूज/बक्सर।
जिले के दिव्यांगजनों को विशिष्ट दिव्यांगता पहचान-पत्र (यूडीआईडी कार्ड) उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों के शत-प्रतिशत निष्पादन को लेकर जिले के पांच प्रखंडों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। समाज कल्याण विभाग के निर्देश पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 25 से 30 सितंबर के बीच प्रखंडवार शिविर लगाकर दिव्यांगजनों के आवेदन, प्रमाण-पत्र एवं मेडिकल मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बक्सर जिले में यूडीआईडी पोर्टल पर अब तक 17,989 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 14,989 यूडीआईडी कार्ड निर्गत किए जा चुके हैं, जबकि 2,469 आवेदन सिविल सर्जन के लॉगिन स्तर पर लंबित हैं। लंबित आवेदनों के निष्पादन के साथ नए पात्र दिव्यांगजनों को भी कार्ड उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत 25 सितंबर को इटाढ़ी प्रखंड कार्यालय, 26 सितंबर को नावानगर प्रखंड कार्यालय, 28 सितंबर को राजपुर प्रखंड कार्यालय, 29 सितंबर को ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय तथा 30 सितंबर को सिमरी प्रखंड कार्यालय में शिविर आयोजित होगा। सभी शिविरों का संचालन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।शिविर की सफलता के लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। बीडीओ अपने स्तर से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिव, विकास मित्र, जीविका, सेविका एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर दिव्यांगजनों को शिविर तक पहुंचाने की व्यवस्था करेंगे।

__ इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
यूडीआईडी कार्ड के लिए दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो), आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान-पत्र, बैंक पासबुक/ड्राइविंग लाइसेंस जैसे पहचान संबंधी दस्तावेज, एक पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। शिविर स्थल पर पोर्टल पर पंजीकरण के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर की प्रतिनियुक्ति रहेगी।सिविल सर्जन द्वारा प्रतिनियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सक एवं मेडिकल बोर्ड दिव्यांगजनों का मूल्यांकन करेंगे। इसके बाद पात्र लाभार्थियों के यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शिविर में पेयजल, नाश्ता, प्राथमिक उपचार तथा सुरक्षा की भी व्यवस्था रहेगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा फ्लैक्स, बैनर और माइकिंग के माध्यम से अभियान का प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।

