डुमराव के तेज तर्रार एसडीपीओ पोलस्त कुमार का हुआ तबादला
डुमरांव अनुमंडल में अपराध नियंत्रण की कमान संभालने वाले एएसपी पोलस्त कुमार का तबादला कर दिया गया है। अब वे वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल में एएसपी के पद पर नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके स्थान पर फिलहाल किसी अधिकारी की पदस्थापना नहीं की गई है।
__ तबादले के बाद महुआ जाएंगे एएसपी पोलस्त कुमार, डुमरांव में फिलहाल पद खाली
__ अपराधियों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से बनाई अलग पहचान, हत्या समेत कई गंभीर मामलों का किया त्वरित उद्भेद
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव अनुमंडल में अपराध नियंत्रण की कमान संभालने वाले एएसपी पोलस्त कुमार का तबादला कर दिया गया है। अब वे वैशाली जिले के महुआ अनुमंडल में एएसपी के पद पर नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके स्थान पर फिलहाल किसी अधिकारी की पदस्थापना नहीं की गई है। ऐसे में डुमरांव अनुमंडल पुलिस प्रशासन में अस्थायी तौर पर एएसपी का पद रिक्त हो गया है। पोलस्त कुमार के तबादले की खबर के बाद पुलिस महकमे के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी उनके कार्यकाल की चर्चा शुरू हो गई है।

करीब एक वर्ष के कार्यकाल में पोलस्त कुमार ने अपराध नियंत्रण को लेकर जिस तरह की सक्रियता दिखाई, उससे डुमरांव पुलिस की कार्यशैली में तेजी आई। विशेष रूप से मादक पदार्थ और शराब तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियानों में पुलिस को बड़ी सफलताएं मिलीं। उनके नेतृत्व में 100 किलो से अधिक गांजा तथा करीब 970 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद कर अंतरजिला गिरोह से जुड़े 30 से अधिक तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, करीब 35 हजार लीटर अवैध शराब की बरामदगी भी उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही।
__ गंभीर कांडों के उद्भेदन में दिखी तेजी

गंभीर आपराधिक घटनाओं के अनुसंधान और उद्भेदन में भी उनके नेतृत्व में पुलिस ने तेजी दिखाई। हत्या के करीब आधा दर्जन मामलों का 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर आरोपितों तक पहुंचने में पुलिस सफल रही। इससे न सिर्फ अपराधियों पर दबाव बढ़ा, बल्कि आम लोगों में भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर भरोसा मजबूत हुआ। पोलस्त कुमार की कार्यशैली का एक महत्वपूर्ण पक्ष पुलिस-पब्लिक संबंधों को मजबूत करना भी रहा। वे आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर देते रहे। इसके चलते पुलिस और आम जनता के बीच संवाद बेहतर हुआ।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के अनुसार, उनके कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होने से कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया। एक वर्ष के भीतर अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में दर्ज उपलब्धियों के कारण पोलस्त कुमार ने डुमरांव में अपनी अलग पहचान बनाई। अब महुआ में नई जिम्मेदारी मिलने पर पुलिस महकमे और स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वहीं, डुमरांव में उनके स्थान पर किस अधिकारी की तैनाती होगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
