ऑटो चालक लूटकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार
कोरानसराय थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से हुई छिनतई की घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को की गई इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वासुदेवा थाना क्षेत्र के चकौड़ा गांव निवासी बिट्टू यादव के रूप में हुई है।
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से हुई छिनतई की घटना में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को की गई इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वासुदेवा थाना क्षेत्र के चकौड़ा गांव निवासी बिट्टू यादव के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, 23 जनवरी की रात कोरानसराय चौक से मठिला की ओर जा रहा एक ऑटो चालक रास्ते में हेडलाइट खराब हो जाने के कारण मोबाइल की रोशनी में उसे ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे दो युवकों ने चालक को अकेला पाकर उसका मोबाइल और अन्य सामान छीन लिया तथा मौके से भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक आरोपी पंकज सिंह को उसी रात धर दबोचा था, जबकि उसका साथी वाहन सहित फरार हो गया था। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। आखिरकार सोमवार को पुलिस ने उसे दबोच लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन के संबंध में भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

