मऊ में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की तैयारी, जिलाधिकारी ने दिए विशेष निर्देश

मऊ। जिला अधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान (अक्टूबर 2024) को लेकर जनपद स्तरीय बैठक संपन्न हुई।

मऊ में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान की तैयारी, जिलाधिकारी ने दिए विशेष निर्देश

केटी न्यूज़/ मऊ 

मऊ। जिला अधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान (अक्टूबर 2024) को लेकर जनपद स्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक के शुरुआत में जिलाधिकारी ने "संभव अभियान" की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जिले का तीसरा स्थान आने पर सभी अधिकारियों को बधाई दी।

डिप्टी सीएमओ आर एन सिंह ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2024 तक चलेगा, और दस्तक अभियान 11 से 31 अक्टूबर 2024 तक चलेगा। इस बार दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ताओं को डायबिटीज, हाइपरटेंशन और कैंसर जैसी बीमारियों के लिए प्रति दिन कम से कम 5 सी-बैक फॉर्म भरने का निर्देश दिया गया है। 

बैठक के दौरान ग्राम विकास, नगर विकास, शिक्षा, पशुपालन, बाल विकास, सिंचाई और कृषि विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को बेहतर कार्य योजना तैयार करने और आपसी तालमेल से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागों को समय पर प्रशिक्षण और लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पहले से तैयारी कर लेनी चाहिए।

ग्राम विकास और पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा में, जिलाधिकारी ने जल-जमाव वाले विवादित स्थानों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और हैंडपंपों की मरम्मत का काम तुरंत करने को कहा।

नगर विकास विभाग की समीक्षा में, उन्होंने जल-जमाव वाले स्थानों पर एंटीलार्वा का छिड़काव और कूड़े का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात भी कही। 

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे जल-जमाव न होने दें, कूलर का पानी नियमित रूप से बदलें और घरों में साफ-सफाई का ध्यान रखें। उन्होंने इस अभियान को जिले में सफल बनाने के लिए सभी विभागों से विशेष प्रयास करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट वृजेंद्र कुमार, डिप्टी सीएमओ आर एन सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।