पूर्व सैनिकों के लिए सिमरी बना नया केंद्र, संगठन विस्तार के साथ मिली मजबूत आवाज

भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को संगठित तरीके से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर ने सिमरी प्रखंड में अपने संगठन का विस्तार कर नई इकाई का गठन किया। रविवार को बड़का सिंहनपुरा गांव में आयोजित कार्यक्रम में नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को एक साझा मंच मिल गया है।

पूर्व सैनिकों के लिए सिमरी बना नया केंद्र, संगठन विस्तार के साथ मिली मजबूत आवाज

__ आईईएसएम ने खोला कार्यालय, नई टीम के गठन से समस्याओं के समाधान को मिलेगी गति

केटी न्यूज/डुमरांव:

भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को संगठित तरीके से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर ने सिमरी प्रखंड में अपने संगठन का विस्तार कर नई इकाई का गठन किया। रविवार को बड़का सिंहनपुरा गांव में आयोजित कार्यक्रम में नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को एक साझा मंच मिल गया है।इस पहल का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीरांगना परिवारों और सैनिक आश्रितों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाना तथा उनके त्वरित समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पहल करना है।

कार्यक्रम में सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि जिला अध्यक्ष हरेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में संगठन को मजबूती देने पर विस्तार से चर्चा हुई।कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे ने किया। इस दौरान सर्वसम्मति से सिमरी प्रखंड इकाई का गठन किया गया, जिसमें सार्जेंट विनोद तिवारी को चेयरमैन, शशि भूषण ओझा को अध्यक्ष, हवलदार ब्रिजनाथ यादव एवं हवलदार संजय सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं नायक सूबेदार त्रिवेणी दुबे को सभापति, नायक महेंद्र प्रसाद को कोषाध्यक्ष और रामेश्वर प्रधान को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सभा को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने कहा कि देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान और समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है और हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पूर्व सैनिक को परेशानी होने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।वहीं जिला अध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने कहा कि संगठन का विस्तार ही उसकी ताकत है। सिमरी में इकाई बनने से अब स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना आसान होगा। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला स्तर के कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें सुरेंद्र सिंह, रामनाथ सिंह, सूबेदार सुदामा प्रसाद, हवलदार विनोद कुमार मिश्रा, सूबेदार कमलेश्वर राय, नायक सूबेदार मनोरंजन तिवारी, भगवान सिंह, कैप्टन वासगीत सिंह एवं वारंट ऑफिसर सुरेश प्रसाद प्रमुख रूप से शामिल थे।अंत में पांच भूतपूर्व सैनिकों की समस्याएं भी सुनी गईं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। इस दौरान सुरेंद्र ओझा, पंडित हरेंद्र ओझा और टुनटुन ओझा सहित कई पूर्व सैनिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब सिमरी क्षेत्र में पूर्व सैनिकों की आवाज और अधिक संगठित और प्रभावशाली रूप में सामने आएगी।