डुमरांव स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर महिला से पर्स की छिनतई
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भीड़भाड़ के बीच एक महिला से झपट्टामारों ने पर्स छीन लिया। घटना उस वक्त हुई जब महिला श्रमजीवी एक्सप्रेस में सवार होने का प्रयास कर रही थीं।
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार को डुमरांव रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भीड़भाड़ के बीच एक महिला से झपट्टामारों ने पर्स छीन लिया। घटना उस वक्त हुई जब महिला श्रमजीवी एक्सप्रेस में सवार होने का प्रयास कर रही थीं।पीड़िता की पहचान सिमरी प्रखंड के सहियार गांव निवासी सीमा देवी के रूप में हुई है। वह अपने पुत्र के साथ बनारस होते हुए हरिद्वार जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर लगी और यात्री चढ़ने लगे, उसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने उनका पर्स झपट लिया।महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के यात्रियों में हलचल मच गई, लेकिन ट्रेन खुलने के कारण तत्काल पीछा संभव नहीं हो सका और आरोपी मौके से फरार हो गए।

बताया जाता है कि पर्स में लगभग 4500 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, एक स्मार्टफोन और अन्य जरूरी कागजात रखे थे। घटना के बाद महिला काफी व्यथित दिखीं और उन्होंने अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों द्वारा जीआरपी थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी ने प्रारंभिक जांच आरंभ कर दी है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन मिलते ही विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इधर, यात्रियों ने स्टेशन पर भीड़ के समय अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि झपट्टामार गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

