सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आई मासूम, वाराणसी रेफर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर बनारपुर गांव के समीप गुरुवार को हुए सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बच्ची का एक पैर बुरी तरह कुचल गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
केटी न्यूज/चौसा

जानकारी के अनुसार, बनारपुर निवासी विमिलेश कुशवाहा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कैमूर जिले के रामगढ़ स्थित रिश्तेदार के यहां से लौट रहे थे। परिवार यात्री बस से बनारपुर के समीप उतरा। इसी दौरान उनकी पांच वर्षीय पुत्री घर पहुंचने की जल्दी में सड़क पार कर अकेले दौड़ने लगी। तभी विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौसा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए सदर अस्पताल, बक्सर रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बेहतर इलाज की आवश्यकता बताते हुए उसे वाराणसी के उच्च चिकित्सा केंद्र भेज दिया।हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से फरार डंपर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने चौसा-मोहनिया मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।