दिनदहाड़े महिला शिक्षिका बनी स्नैचरों का निशाना, बाइक सवार बदमाशों ने उड़ाई सोने की चेन

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला शिक्षिका को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।

दिनदहाड़े महिला शिक्षिका बनी स्नैचरों का निशाना, बाइक सवार बदमाशों ने उड़ाई सोने की चेन

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसले ने एक बार फिर लोगों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला शिक्षिका को निशाना बनाते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार बक्सर निवासी शिक्षिका श्वेता कुमारी किसी निजी कार्य से बड़का ढकाइच गांव लौट रही थीं। बताया जाता है कि जैसे ही वह गांव के समीप पहुंचीं, पहले से घात लगाए एक युवक तेजी से उनके करीब पहुंचा और झटके में गले से सोने की चेन खींच ली। अचानक हुई घटना से शिक्षिका घबरा गईं और मदद के लिए शोर मचाने लगीं। इसी बीच बदमाश पास में खड़ी बाइक पर सवार अपने साथी के साथ तेज रफ्तार में फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों बाइक सवार अपराधियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे राहगीरों खासकर महिलाओं में भय का माहौल है।पीड़िता की शिकायत पर कृष्णाब्रह्म थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है तथा जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।