कृष्णाब्रह्म बाजार से बाइक चोरी, पीड़ित ने दर्ज कराया एफआईआर
कृष्णाब्रह्म बाजार में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला बाजार स्थित कृष्णाब्रह्म स्थान के समीप का है, जहां दिनदहाड़े खड़ी बाइक चोरी हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद लोगों ने बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

जानकारी के अनुसार सोवा गांव निवासी अविनाश सिंह तीन मई को किसी जरूरी काम से कृष्णाब्रह्म बाजार पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक कृष्णाब्रह्म स्थान के पास खड़ी की और अस्पताल चले गए। कुछ देर बाद लौटने की योजना थी, लेकिन जब वापस पहुंचे तो वहां बाइक नहीं थी। पहले उन्हें लगा कि शायद किसी ने बाइक दूसरी जगह लगा दी हो, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो चोरी की आशंका सच साबित हुई।

घटना से परेशान अविनाश सिंह ने कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। वहीं थानाध्यक्ष रवि कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।