सुरों, सितार और ग़ज़लों से गूंजेगा बक्सर, 15 मई को होगा सांस्कृतिक संगम

बक्सर शहर एक बार फिर शास्त्रीय संगीत, नृत्य और ग़ज़लों की मधुर स्वर लहरियों से सराबोर होने जा रहा है। कला एवं साहित्य की प्रतिष्ठित संस्था संस्कार भारती की जिला इकाई के तत्वावधान में 15 मई को “नाद अर्चना - संगीत बैठक” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सुरों, सितार और ग़ज़लों से गूंजेगा बक्सर, 15 मई को होगा सांस्कृतिक संगम

__ ‘नाद अर्चना’ में बिहार-यूपी के कलाकार बिखेरेंगे कला का जादू, युवा प्रतिभाओं को मंच देने की तैयारी

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर शहर एक बार फिर शास्त्रीय संगीत, नृत्य और ग़ज़लों की मधुर स्वर लहरियों से सराबोर होने जा रहा है। कला एवं साहित्य की प्रतिष्ठित संस्था संस्कार भारती की जिला इकाई के तत्वावधान में 15 मई को “नाद अर्चना - संगीत बैठक” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर संस्था के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।यह सांस्कृतिक आयोजन शहर के वीर कुंवर सिंह चौक स्थित गोयल धर्मशाला के वातानुकूलित सभागार में दोपहर 2:45 बजे से शुरू होगा। आयोजन में बिहार और उत्तर प्रदेश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण पटना की प्रसिद्ध भरतनाट्यम नृत्यांगना आद्या सिन्हा होंगी, जो शास्त्रीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देंगी। वहीं बनारस घराने के युवा सितार वादक कृष्णा मिश्रा और तबला वादक प्रशांत मिश्रा की जुगलबंदी श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से रूबरू कराएगी। इसके अलावा चर्चित ग़ज़ल गायक राघवेंद्र पांडेय अपनी सुरीली आवाज़ से शाम को यादगार बनाएंगे।बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने कहा कि संस्कार भारती भारतीय संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि बक्सर जैसे शहरों में भी शास्त्रीय संगीत, नृत्य और गायन की समृद्ध परंपरा को नई पहचान मिले।

आने वाले समय में जिले के नवोदित कलाकारों को भी बड़ा मंच उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उनकी प्रतिभा देशभर तक पहुंचे।”उन्होंने जिले के कला एवं संगीत प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।बैठक में कोषाध्यक्ष निकेश पांडेय, महामंत्री गुलशन सिंह, कार्यक्रम संयोजक अभिनव कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में रोहतास कुमार गोयल, सुकृति मिश्रा, डॉ. हिमांशु पांडेय, अंकुर श्रीवास्तव, डॉ. सुनील त्रिपाठी, संदीप सिंह और रंजन दुबे समेत अन्य कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बताई।