केटी न्यूज/राजपुर
77वें गणतंत्र दिवस पर राजपुर प्रखंड लोकतंत्र के उत्सव में पूरी तरह रंगा नजर आया। सरकारी कार्यालयों से लेकर शिक्षण संस्थानों और पंचायत भवनों तक, हर जगह आन-बान-शान के साथ तिरंगा फहराया गया। सुबह होते ही पुलिस बल के जवानों ने जोशपूर्ण गर्जना के साथ राष्ट्रीय ध्वज और शहीदों को सलामी दी, जिससे माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।झंडारोहण के साथ ही विद्यालयों और संस्थानों में राष्ट्रगान एवं देशभक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी।

लोगों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ एक सशक्त लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख मंजू देवी, बीडीओ सिद्धार्थ कुमार और प्रखंड पंचायतीराज पदाधिकारी अभिषेक कुमार पाठक ने संयुक्त रूप से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा गणतांत्रिक देश है और संविधान ही हमारी एकता व मजबूती की नींव है।

किसान भवन, बीआरसी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थाना परिसर, पंचायत सरकार भवनों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और सामाजिक संस्थानों में अलग-अलग जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने झंडारोहण किया। पूरे दिन क्षेत्र में राष्ट्रीय गौरव, एकता और भाईचारे का संदेश गूंजता रहा।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।