रघुनाथपुर सहयोग शिविर में बिजली, सड़क व खेल मैदान की मांग उठी
रघुनाथपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव अजय कुमार यादव को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों द्वारा विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित आवेदन सौंपे गए।


केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
रघुनाथपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के सचिव अजय कुमार यादव को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों द्वारा विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित आवेदन सौंपे गए।समाजसेवी शैलेश ओझा, अजय उपाध्याय, शंभू चंद्रवंशी, दीपक कुमार और प्रिंस कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने रघुनाथपुर में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पावर हाउस एवं बिजली विभाग का कार्यालय खोलने, जर्जर 11 हजार वोल्ट के पोल बदलने तथा नियमित एवं बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

सहयोग शिविर में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग एवं राशन कार्ड से संबंधित प्राप्त हुईं। वहीं, इंदिरा आवास योजना में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आवेदन दिए।इस अवसर पर तुलसी विचार मंच के संयोजक शैलेश ओझा ने तुलसी आश्रम के विकास, क्षेत्र की सड़कों के निर्माण तथा लोहिया स्वच्छता अभियान की विफलता से जुड़ी समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। साथ ही ग्रामीणों ने रघुनाथपुर में खेल मैदान एवं विवाह मंडप निर्माण की मांग को लेकर भी आवेदन सौंपा।शिविर में अपर समाहर्ता शशिकांत पासवान, एसडीएम राकेश कुमार, बीडीओ सोनू कुमार, अंचलाधिकारी खुशबू खातून सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा।

