एनएच-922 पर बेलगाम स्कार्पियो ने बुजुर्ग को मारी जोरदार टक्कर, गंभीर
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रताप सागर पेट्रोल पंप के समीप पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर सोमवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कार्पियो ने सड़क किनारे मौजूद एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर दूर जा गिरे।


__ प्रत्यक्षदर्शियों को चालक के शराब के नशे में होने का संदेह, स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
केटी न्यूज/डुमरांव।
नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रताप सागर पेट्रोल पंप के समीप पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर सोमवार को तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कार्पियो ने सड़क किनारे मौजूद एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कार्पियो चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं था और उसके व्यवहार से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रताप सागर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता कृष्णा शर्मा अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल घायल बुजुर्ग को उठाकर प्रताप सागर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।घायल की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बेयासी गांव निवासी सुदामा यादव के रूप में हुई है। कृष्णा शर्मा ने बताया कि प्राथमिक उपचार के दौरान ही घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई थी। जानकारी मिलते ही परिजन सदर अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम के पहुंचने तक स्थानीय लोग घायल को लेकर सदर अस्पताल जा चुके थे। फिलहाल घटना को लेकर कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।एनएच-922 पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। बेलगाम परिचालन के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके वाहन चालकों की गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है।

