27 फरवरी को डुमरांव में गूंजेगा हिन्दू सम्मेलन, तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
डुमरांव नगर में आगामी 27 फरवरी को प्रस्तावित हिन्दू सम्मेलन को लेकर तैयारियां अब जोर पकड़ चुकी हैं। नगर के शक्तिद्वार स्थित बड़ी संगत मठिया परिसर में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में आयोजन समिति पूरी सक्रियता से जुट गई है।
__ बड़ी संगत मठिया में होगा आयोजन, सफल बनाने को लेकर रणनीतिक बैठक संपन्न
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव नगर में आगामी 27 फरवरी को प्रस्तावित हिन्दू सम्मेलन को लेकर तैयारियां अब जोर पकड़ चुकी हैं। नगर के शक्तिद्वार स्थित बड़ी संगत मठिया परिसर में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में आयोजन समिति पूरी सक्रियता से जुट गई है।हिन्दू समाज को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मेलन की तैयारी को लेकर आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र केशरी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, भव्यता, संचालन व्यवस्था, आगंतुकों की सुरक्षा, आवागमन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श के बाद आयोजन को अंतिम रूप दिया गया।सम्मेलन को सफल बनाने में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अहम भूमिका बताई जा रही है। संघ के पदाधिकारी एवं हिन्दू समाज के प्रबुद्धजन गांव-गांव और धार्मिक स्थलों तक पहुंचकर लोगों को सम्मेलन में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं। प्रचार-प्रसार का दौर भी तेज हो गया है। आयोजन समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिनका वे पूरी तत्परता से निर्वहन कर रहे हैं।विदित हो कि बड़ी संगत मठिया नगर का एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां वर्षों से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा है।

ऐसे में इस ऐतिहासिक स्थल पर आयोजित होने वाला हिन्दू सम्मेलन नगरवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है।बैठक में संघ के जिला प्रचारक अभिषेक भारती, नगर व्यवस्था प्रमुख रमेश केशरी, अधिवक्ता राजीव भगत, अमित कुमार, संजय गुप्ता, सोनू राय, विमलेश सिंह, मोहन प्रसाद, विकास पाठक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सम्मेलन को सफल और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।नगर में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और आयोजकों को उम्मीद है कि 27 फरवरी को बड़ी संगत मठिया परिसर हिन्दू एकता के स्वर से गूंजेगा।

