कोरान सराय बाजार में रंगे हाथ पकड़ाया नाबालिग मोबाइल चोर
कोरान सराय बाजार में शुक्रवार की शाम मोबाइल चोरी की कोशिश कर रहे एक नाबालिग को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जाता है कि वह बाजार में सब्जी खरीदने आए एक ग्राहक का मोबाइल चोरी कर रहा था। उसकी हरकत पर नजर पड़ते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

__ सब्जी खरीदने आए ग्राहक का मोबाइल उड़ाने की कोशिश, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा; शिकायत नहीं मिलने पर परिजनों के हवाले किया गया
केटी न्यूज/डुमरांव।
कोरान सराय बाजार में शुक्रवार की शाम मोबाइल चोरी की कोशिश कर रहे एक नाबालिग को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जाता है कि वह बाजार में सब्जी खरीदने आए एक ग्राहक का मोबाइल चोरी कर रहा था। उसकी हरकत पर नजर पड़ते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस के अनुसार, मामले में किसी व्यक्ति ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। पूछताछ के बाद नाबालिग के परिजनों को बुलाया गया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घर में किसी बात को लेकर डांट पड़ने के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया था।

इसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के साथ भेज दिया। बताया जाता है कि पकड़ा गया नाबालिग झारखंड का रहने वाला है।हालांकि, घटना के बाद बाजार में इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई कि यदि नाबालिग से गंभीरता से पूछताछ की जाती तो मोबाइल चोरी से जुड़े अन्य मामलों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसने भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल और पर्स चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े कुछ संकेत दिए थे और यह भी बताया था कि उसे कोरान सराय बुलाया गया था। हालांकि, इन दावों की पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि कोरान सराय बाजार, बस स्टैंड समेत अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में पकड़े गए संदिग्ध से विस्तृत पूछताछ नहीं होने को लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं।पुलिस का कहना है कि शिकायत नहीं मिलने और परिजनों के बयान के आधार पर नाबालिग को उनके सुपुर्द किया गया। वहीं, स्थानीय लोगों की मांग है कि पूर्व की मोबाइल चोरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि किसी संभावित गिरोह का पता चल सके।

