मारुति नगर में आपसी विवाद में मारपीट, चार जख्मी, चार गिरफ्तार
मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के मारुति नगर कॉलोनी में रविवार को दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
केटी न्यूज/चौसा
मुफ़स्सिल थाना क्षेत्र के मारुति नगर कॉलोनी में रविवार को दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसी छोटी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में मारपीट शुरू हो गई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।

घायलों में एक पक्ष के रमेश कुमार वर्मा (57 वर्ष) शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से हीरालाल गोंड़ (70 वर्ष), मुरारी गोंड़ (52 वर्ष) तथा सोनू गोंड़ घायल हुए हैं। सभी घायलों का सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही मुफ़स्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। एक पक्ष की ओर से चार लोगों को नामजद किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष ने रमेश वर्मा, उनके पुत्र शिवम तथा अभिषेक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से दो-दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद कॉलोनी में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

