ट्रांसफार्मर विवाद में दो गिरफ्तार, दोनों पक्षों की एफआईआर से बढ़ी पुलिस की चुनौती
नया भोजपुर में बिजली के ट्रांसफार्मर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दोतरफा प्राथमिकी तक पहुंच गया है। शनिवार की देर शाम बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद दो पक्षों के बीच हुई झड़प, पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

__ ट्रांसफार्मर विवाद ने लिया तूल, दोनों पक्षों की एफआईआर से बढ़ी पुलिस की चुनौती
__ दो गिरफ्तार, पार्षद समेत 12 पर मुकदमा; संवेदनशील इलाके में अतिरिक्त बल तैनात, सीसीटीवी-स्ट्रीट लाइट से होगी निगरानी
केटी न्यूज/डुमरांव।
नया भोजपुर में बिजली के ट्रांसफार्मर को लेकर शुरू हुआ विवाद अब दोतरफा प्राथमिकी तक पहुंच गया है। शनिवार की देर शाम बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद दो पक्षों के बीच हुई झड़प, पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से वार्ड संख्या-6 के पार्षद धनंजय पांडेय समेत 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराए जाने से मामला और पेचीदा हो गया है। दोनों पक्षों के परस्पर आरोपों के बाद पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।बताया जाता है कि नया भोजपुर के वार्ड संख्या-7 स्थित अनुसूचित जाति टोला और वार्ड संख्या-6 के दर्जी मोहल्ले में एक ही ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति होती है।

शनिवार की शाम अचानक बिजली गुल होने के बाद इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला कुछ देर के लिए शांत हुआ, लेकिन बाद में फिर विवाद भड़क गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति झड़प में बदल गई।घटना के दौरान पथराव और हवाई फायरिंग किए जाने के आरोप हैं। इसमें मो. जहीर के सिर में चोट लगी, जिन्हें अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके बयान पर सूर्या कुमार पासवान, जगनारायण पासवान समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी मामले में पुलिस ने विनोद पासवान और मनोज पासवान, पिता इंद्रदेव पासवान को गिरफ्तार किया है।

__ दूसरे पक्ष की शिकायत से बढ़ा मामला
अब विनोद पासवान की ओर से दिए गए आवेदन पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें वार्ड पार्षद धनंजय पांडेय, बामन दर्जी, हुली दर्जी, जमील दर्जी, सरफुद्दीन दर्जी समेत 12 लोगों को नामजद किया गया है। आवेदन में ट्रांसफार्मर का हैंडल गिराकर बिजली आपूर्ति बाधित करने, गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल तथा भीड़ को उकसाने जैसे आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।सूचना पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से एक कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया। पुलिस दोनों पक्षों के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

__ संवेदनशील इलाके में बढ़ी चौकसी
घटना की गंभीरता को देखते हुए रविवार को एसडीएम राजीव कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। प्रशासन की सूची में अतिसंवेदनशील माने जाने वाले इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त की जा रही है।ग्रामीणों ने इलाके में अवैध शराब कारोबार और बिजली बाधित किए जाने का मुद्दा भी उठाया। इसके बाद एसडीएम ने सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्देश दिया। वहीं, बिजली आपूर्ति को लेकर स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की पहल शुरू की गई है। एसडीओ ने सहायक अभियंता अर्जुन कुमार वर्मा और कनीय अभियंता जितेंद्र कुमार को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों के आरोपों की बारीकी से जांच हो रही है। साक्ष्य और गवाहों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

