प्रेक्षक की सख्ती: निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान हर हाल में सुनिश्चित करें

बिहार विधान परिषद उप निर्वाचन 2026 के तहत भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार, आरा में प्रेक्षक राजीव रौशन, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव की तैयारियों का गहन आकलन किया गया।

प्रेक्षक की सख्ती: निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान हर हाल में सुनिश्चित करें

__ आरा समाहरणालय में समीक्षा बैठक, डीएम ने दी तैयारियों की विस्तृत जानकारी, अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

बिहार विधान परिषद उप निर्वाचन 2026 के तहत भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में समाहरणालय सभागार, आरा में प्रेक्षक राजीव रौशन, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव की तैयारियों का गहन आकलन किया गया।बैठक की शुरुआत औपचारिक स्वागत के साथ हुई, जहां जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया एवं जिलाधिकारी बक्सर साहिला ने प्रेक्षक का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। इसके बाद जिलाधिकारी भोजपुर ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से निर्वाचन से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से विवरण प्रस्तुत किया।

प्रस्तुति में निर्वाचन क्षेत्र के कुल निर्वाचकों की संख्या, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सहायक निर्वाची पदाधिकारी एवं अतिरिक्त एआरओ की नियुक्ति, चुनाव कार्यक्रम की समय-सीमा, प्रत्याशियों की सूची, विभिन्न निर्वाचन कोषांगों की जिम्मेदारियां तथा मतदान और मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण की स्थिति पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, छाया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर भी जानकारी दी गई।समीक्षा के दौरान प्रेक्षक राजीव रौशन ने स्पष्ट और सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को हर हाल में निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।

प्रेक्षक ने विशेष रूप से मतदान केंद्रों पर बेहतर कतार प्रबंधन सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी केंद्रों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की दिशा और उनकी कार्यशीलता की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी प्रक्रिया की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतपेटियों को बिना किसी विलंब के सीधे वज्रगृह में सुरक्षित रूप से जमा कराया जाए। इस प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। प्रेक्षक ने स्पष्ट किया कि यदि किसी प्रकार की अफवाह फैलती है तो संबंधित पदाधिकारी तत्काल उसका खंडन करें और सही सूचना आम जनता तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी भोजपुर, जिलाधिकारी बक्सर, पुलिस अधीक्षक भोजपुर एवं बक्सर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने प्रेक्षक को आश्वस्त किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और विधि-व्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।प्रशासन की इस सक्रियता और सख्ती से यह साफ संकेत मिल रहा है कि उपचुनाव को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और हर स्तर पर निगरानी बनाए रखते हुए लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।