बसहा बैल लेकर गांवों में घूमते थे, रात में करते थे घरों की सफाई : बगेन गोला पुलिस ने दबोचा अंतरजिला चोर गिरोह

बगेन गोला थाना क्षेत्र में सक्रिय एक ऐसे अंतरजिला चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है, जो धार्मिक आस्था और ग्रामीण परंपरा की आड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

बसहा बैल लेकर गांवों में घूमते थे, रात में करते थे घरों की सफाई : बगेन गोला पुलिस ने दबोचा अंतरजिला चोर गिरोह

__ दिन में करते थे रेकी, अंधेरे में बनाते थे निशाना; पांच गिरफ्तार, चोरी के जेवर की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

बगेन गोला थाना क्षेत्र में सक्रिय एक ऐसे अंतरजिला चोर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है, जो धार्मिक आस्था और ग्रामीण परंपरा की आड़ में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन में बसहा बैल लेकर गांव-गांव घूमते और भिक्षा मांगने के बहाने घरों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलते ही रात में उन्हीं घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।गिरोह के काम करने का तरीका सामने आने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। ग्रामीणों के बीच सामान्य तरीके से घुल-मिल जाने वाले ये लोग घरों की पूरी जानकारी जुटाते थे। किस घर में कितने सदस्य हैं, कौन कब बाहर रहता है और घर में कीमती सामान कहां रखा है, इसकी जानकारी लेने के बाद चोरी की योजना बनाई जाती थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब अकोढ़ी गोला गांव निवासी मानती देवी पति रामपुकार यादव के घर चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। चोरों ने घर में घुसकर करीब 60 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए थे। इसके बाद पिपराढ़ गांव निवासी महेश यादव पिता उमा यादव के घर भी चोरी की घटना सामने आई, जहां से नकदी और जेवरात गायब मिले।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व बगेन गोला थानाध्यक्ष अभय शंकर सिंह कर रहे थे। पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि बसहा बैल लेकर घूमने वाले कुछ लोग चोरी की घटनाओं से जुड़े हैं।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रोहतास जिले के मलपुरा गांव निवासी संतोष लाठौर (50), गया जिले के मीरा बिगहा निवासी बुचून लाठौर, बिन्दलाल लाठौर का पुत्र राजा लाठौर तथा भोजपुर जिले के चरपोखरी निवासी झंडू लाठौर और रोजा लाठौर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस अब चोरी गए गहनों की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी इसकी संलिप्तता हो सकती है। मामले में थाना कांड संख्या 61/26 और 62/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।