जनजातीय गरिमा उत्सव का शुभारंभ, 49 गांवों में लगेंगे विशेष शिविर
जिले में जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को “जनजातीय गरिमा उत्सव” अभियान का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


__ योजनाओं से जोड़ने और समस्याओं के समाधान को लेकर 25 मई तक चलेगा अभियान
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को “जनजातीय गरिमा उत्सव” अभियान का शुभारंभ किया गया। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी साहिला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह अभियान 18 मई से 25 मई तक जिलेभर में चलाया जाएगा।कार्यक्रम के तहत जनजातीय बहुल गांवों में विशेष जागरूकता एवं संवाद अभियान चलाकर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में जनजातीय परिवारों की समस्याएं सुनी जाएंगी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज को कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें योजनाओं से पूर्ण रूप से लाभान्वित करना है।बक्सर जिले में यह कार्यक्रम डीए-जेगुआ योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य नारा “जन भागीदारी- सबसे दूर, सबसे पहले” रखा गया है। जिला पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में आने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि शिविरों में आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, पेंशन, राशन कार्ड, बैंकिंग सुविधा, स्वास्थ्य जांच, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, मिशन इंद्रधनुष, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं से जुड़े आवेदनों का त्वरित निपटारा किया जाए।उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्रखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वहीं अपर समाहर्ता ने भूमि विवाद एवं भूमि से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान पर विशेष जोर दिया।जिला कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 10 प्रखंडों के 49 गांवों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। शिविरों का संचालन 19 मई से 23 मई तक किया जाएगा, जबकि 23 मई को जनजातीय गांवों में विशेष सुनवाई दिवस मनाया जाएगा।कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड स्तर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी तथा पंचायत स्तर पर विकास मित्रों को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और विकास मित्र उपस्थित रहे।

