अपराध पर वार, डुमरांव पुलिस ने चलाया नो योर पुलिस-नो योर पीपुल अभियान

अपराध पर वार, डुमरांव पुलिस ने चलाया नो योर पुलिस-नो योर पीपुल अभियान
परिजन की समस्या सुनते पुलिस अधिकारी

- घर-घर जाकर पुलिस-पब्लिक मैत्री का दे रहे बढ़ावा

केटी न्यूज/डुमरांव 

डुमरांव पुलिस घर-घर जाकर पुलिस और पब्लिक के बीच की दूरियों को कम करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस की टीम ने नो योर पुलिस-नो योर पीपुल अभियान शुरू किया है। इसके तहत पुलिस अधिकारी घर-घर जाकर लोगों से बातचीत कर उनके परिवार की जानकारी और समस्याओं से अवगत हो रहे है ताकि उसका निराकरण किया जा सके। पुलिस के इस अभियान से अपराध नियंत्रण में सहूलियत होगी। इस अभियान के तहत पुलिस की टीम हर घर का मोबाइल नंबर और कितने सदस्य है, क्या करते है इसका उत्तर तैयार करने में जुटी है। थानाध्यक्ष बिंदेश्वर राम सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने मुख्य सड़क के दोनों तरफ के घरों और दुकानों पर जाकर उनसे बात करते दिखे। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस अभियान से यह फायदा होगा कि पब्लिक से पुलिस की दूरियां कम होगी और हमारा मैन्युअल इंटलीजेंस भी मजबूत होगा। हम सबका प्रयास रहेगा कि व्यवसायियों और युवाओं का नंबर

लेकर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाये ताकि सूचनाओं का आदान-प्रदान हो सके। हर घर की समस्याओं की जानकारी मिल सके और उसे दूर करने का प्रयास किया जाये। सक्षम लोगों से सीसीटीवी कैमरा लगाने की अपील की जा रही है। जनसहयोग से अपराध नियंत्रण होगा। लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़े और आम लोग निडर होकर अपनी समस्या पुलिस के समक्ष रख सकें। पुलिस का मानना है कि स्थानीय शहर में रहने वाले छात्रों, किरायेदारों, मोहल्ले में डर या भय का माहौल पैदा करने वाले या शराब तथा मादक पदार्थों की सेवन का बिक्री करने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

डीआई जी ने दिया था निर्देश 

हाल ही में बक्सर पहुंचे शाहाबाद रेंज के डीआईजी नवीन चंद्र झा ने एसपी कार्यालय में जिलेभर के पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा शुरू किए गए नो योर पुलिस अभियान को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि आम पब्लिक के सहयोग के बिना अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। इस निर्देश के बाद बक्सर पुलिस अब नो योर पुलिस अभियान को धरातल पर उतारना शुरू कर दी है। 

क्या कहते है थानाध्यक्ष

डुमरांव में नो योर पुलिस अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का मकसद आम जनता और पुलिस के बीच की दूरी को पाटना है। ताकी जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़े। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा इसे जारी किया गया है। जल्दी ही शहर के प्रत्येक घर पुलिस दस्तक दे लोगों को विश्वास दिलाएगी कि पुलिस आपके सहयोग के लिए है तथा आपके सहयोग के बिना पुलिस का काम भी संभव नहीं होगा।