बिहार के 9 जिलों में 100 से ज्यादा छात्र बेहोश, जानिए अपने ज़िले का हाल

बिहार में इस साल की गर्मी ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। औरंगाबाद में मंगलवार को तापमान लगभग 48 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस भीषण गर्मी के बीच सरकारी स्कूलों में कक्षाएं जारी हैं, जिसके चलते 9 जिलों में बुधवार को 100 से ज्यादा छात्र बेहोश हो गए।

बिहार के 9 जिलों में 100 से ज्यादा छात्र बेहोश, जानिए अपने ज़िले का हाल
केटी न्यूज़, ऑनलाइन डेस्क: पटना: बिहार में इस साल की गर्मी ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। औरंगाबाद में मंगलवार को तापमान लगभग 48 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस भीषण गर्मी के बीच सरकारी स्कूलों में कक्षाएं जारी हैं, जिसके चलते 9 जिलों में बुधवार को 100 से ज्यादा छात्र बेहोश हो गए। इनमें से कई का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इन जिलों में तापमान 40 डिग्री से पार हो चुका है।

स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां समाप्त

बिहार के सरकारी स्कूलों में 15 अप्रैल से 15 मई तक गर्मी की छुट्टियां घोषित थीं। छुट्टियां समाप्त होने के बाद से स्कूल सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हो रहे हैं। इस बार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने पूरे राज्य के लिए एक समान छुट्टी का कैलेंडर जारी किया था। इससे पहले गर्मी की छुट्टियां 20 मई के बाद ही शुरू होती थीं।

बच्चों के बीमार होने से पेरेंट्स का गुस्सा

बच्चों के बीमार होने के बाद पेरेंट्स का गुस्सा फूट पड़ा है। पेरेंट्स स्कूल बंद करने की मांग कर रहे हैं, जबकि शिक्षक भी स्कूल की टाइमिंग बदलने की मांग कर रहे हैं। 

 2 दिन का हीटवेव अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बिहार में हीटवेव और गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस भीषण गर्मी के बीच बच्चों को स्कूल भेजने पर सवाल उठ रहे हैं।

बिहार के बेगूसराय, शेखपुरा, सीवान, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका, और कटिहार जिलों में कुल 100 से ज्यादा छात्र गर्मी के कारण स्कूलों में बेहोश हो गए। इन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बेगूसराय: यहां 41 बच्चे बेहोश हो गए। मटिहानी के मध्य विद्यालय मटिहानी में 20, बलिया के विवेकानंद पब्लिक स्कूल में 5, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय अमरपुर में 1 और बखरी प्रखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुर में 15 बच्चे गर्मी से प्रभावित हुए।

शेखपुरा: जिले के 5 अलग-अलग स्कूलों में 12 से ज्यादा छात्राएं बेहोश हो गईं। अरियरी प्रखंड के प्लस टू हाई स्कूल बेलछी में 9वीं की एक छात्रा, बरबीघा प्रखंड के तेउस गांव में एक 7वीं कक्षा की छात्रा और घाट कुसुंभा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भदौंसी में एक छात्रा बेहोश हो गईं।

मुंगेर: यहां 17 बच्चे बेहोश हो गए। जमालपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय फरदा में 8, उच्च विद्यालय फरदा में 5 और धरहरा प्रखंड के कन्या विद्यालय अमारी में 4 बच्चे बेहोश हो गए।

बांका: जिले के बाल भारती रजौन विद्यालय में पांचवी कक्षा के छात्र आर्यन राज और प्रोन्नत मध्य विद्यालय खिड़ड़ी की पूजा कुमारी की गर्मी से तबीयत खराब हो गई। इसके अलावा 8 अन्य बच्चे भी बेहोश हो गए।

भागलपुर: जिले के चकदरिया गोराडीह स्कूल में 6 बच्चे बेहोश हो गए और उन्हें इलाज के लिए गोराडीह रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को अलर्ट किया है। सभी अस्पताल अलर्ट मोड पर हैं। किसानों को सुबह के समय ही खेती का काम निपटाने की सलाह दी गई है।

डॉ. राजेश रंजन ने बताया कि तेज धूप में बच्चों को बाहर ना निकलने दें। बहुत जरूरी हो तो भरपूर पानी पीकर और हल्के सूती कपड़े पहनकर बाहर निकलें। सिंथेटिक कपड़ों से लू लगने की संभावना बढ़ जाती है। हीट स्ट्रोक के लक्षणों में तेज बुखार, शरीर में नमक और पानी की कमी शामिल है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और उचित इलाज करें।