कोरान सराय बाजार में तोड़फोड़ से भड़का आक्रोश
कोरान सराय बाजार में रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों की करतूत ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। चौगाईं रोड स्थित एक मिठाई दुकान के काउंटर का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है। हालांकि, दुकान से किसी सामान अथवा नकदी की चोरी नहीं हुई है।

__रात में मिठाई दुकान के काउंटर का शीशा चकनाचूर, सुबह थाने पहुंचे दुकानदार
__बाजार में पुलिस गश्ती के बावजूद घटना से व्यापारियों में नाराजगी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
केटी न्यूज/डुमरांव।
कोरान सराय बाजार में रात के अंधेरे में असामाजिक तत्वों की करतूत ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। चौगाईं रोड स्थित एक मिठाई दुकान के काउंटर का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना सोमवार की देर रात की बताई जा रही है। हालांकि, दुकान से किसी सामान अथवा नकदी की चोरी नहीं हुई है। ऐसे में प्रथमदृष्टया मामला चोरी के बजाय जानबूझकर की गई तोड़फोड़ से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मंगलवार की सुबह दुकान संचालक विजय प्रसाद जब दुकान खोलने पहुंचे तो काउंटर का शीशा टूटा मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल घटना की सूचना कोरान सराय पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर घटना की जानकारी ली।

इधर, घटना की खबर बाजार में फैलते ही दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर थाने पहुंच गए। व्यापारियों ने पुलिस के समक्ष बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए रात में नियमित गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की मांग की।दुकानदारों का कहना था कि बाजार के प्रमुख चौक पर पुलिस की गाड़ी मौजूद रहने और गश्ती का दावा किए जाने के बावजूद यदि देर रात दुकान को निशाना बनाया जा सकता है, तो अन्य दुकानों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है। व्यापारियों ने ऐसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ने की आशंका जताई।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि दुकानदार की ओर से शिकायत मिली है। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

