आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी की हालत हुई नाज़ुक, अस्पताल में करवाया भर्ती

दिल्ली की जल मंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना की हालत नाजुक हो गई है।आतिशी का बीती रात शुगर लेवल अचानक से कम होने लगा।

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी की हालत हुई नाज़ुक, अस्पताल में करवाया भर्ती
Atishi

केटी न्यूज़/दिल्ली

दिल्ली की जल मंत्री और आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी मार्लेना की हालत नाजुक हो गई है।आतिशी का बीती रात शुगर लेवल अचानक से कम होने लगा।इस कारण से उनकी तबियत खराब हो गई।आतिशी पिछले 5 दिन से दिल्ली में पानी की किल्लत को लेकर अनशन कर रही थीं। इस अनिश्चितकालीन अनशन के कारण आतिशी ने पांच दिन से कुछ नहीं खाया है। जिसकी वजह से आतिशी का ब्लड शुगर लेवल 36 पहुंच गया है।

आतिशी को दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती किया गया है।आम आदमी पार्टी के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आधी रात को आतिशी का शुगर लेवल कम होने लगा था। सुबह करीब 3 बजे आतिशी का शुगर 36 पहुंच गया। डॉक्टरों ने आतिशी को तुरंत भर्ती होने की सलाह दी। आतिशी को एंबुलेंस से LNJP अस्पताल ले जाया गया। आतिशी की हालत काफी नाजुक है और उन्हें ICU में भर्ती किया गया है।

आतिशी ने अनशन पर बैठने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हरियाणा सरकार से पानी छोड़ने की अपील की थी। आतिशी ने अपने पत्र में कहा था कि अगर पीएम मोदी ने दिल्ली जल संकट में सीधा हस्क्षेप नहीं किया तो वो 21 जून से अनिश्चतकालीन अनशन पर बैठ जाएंगी। हालांकि हरियाणा सरकार का कहना है कि वो मांग से ज्यादा पानी दिल्ली भेज रही है।आतिशी का आरोप है कि हरियाणा सरकार ने दिल्ली का पानी रोक रखा है। आतिशी के अनुसार हरियाणा सरकार को हर रोज 613 मिलियन गैलन प्रति दिन पानी देना होता है। मगर पिछले तीन हफ्तों से हरियाणा सरकार 100 MGD पानी कम भेज रही है। जिससे 28 लाख दिल्लीवासियों का जीवन प्रभावित हुआ है।