बिहार सरकार सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वालों को देगी इतनी पुरस्कार राशि

ऐसे हालात से निपटने और लोगों को घायलों की मदद के लिए प्रेरित करने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है

बिहार सरकार सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वालों को  देगी इतनी पुरस्कार राशि
Accident

केटी न्यूज़/पटना

बिहार सरकार सड़क हादसे में घायलों की मदद करने वालों को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देगी।बिहार सरकार में मंत्री शीला मंडल ने यह जानकारी दी।कई बार घायलों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता, जिससे उनकी जान चली जाती है।ये फैसला बढ़ते सड़क हादसों और लोगों की मदद करने में झिझक के चलते लिया गया है।ऐसे हालात से निपटने और लोगों को घायलों की मदद के लिए प्रेरित करने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है।उन्होंने बताया कि हमारी सरकार उन लोगों को प्रोत्साहित करती है, जो सड़क हादसे में घायलों की मदद के लिए आगे आते हैं।

मंत्री शीला मंडल ने बताया कि बिहार सरकार पहले मददगारों को पांच हजार रुपये का प्रोत्साहन देती थी।अब सरकार इसे 5 हजार से बढ़ाकर 10 हजार कर रही है।उन्होंने पुरस्कार राशि बढ़ाने के पीछे कहा कि इसका सिर्फ मकसद मदद के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करना है। क्योंकि, सड़क हादसे में अगर सही समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाए, तो उनकी जान बचाई जा सकती है।हमें उम्मीद है कि लोग जिस तरह से सड़क हादसे में घायलों की मदद के लिए आगे आते रहे हैं, आगे भी मददगार बनते रहेंगे। 

उन्होंने आगे कहा कि दुर्घटना होने के 1 घंटे का वक्त किसी की जान बचाने के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि इस टाइम में किसी भी व्यक्ति की जान 100 प्रतिशत बचाई जा सकती है। उन्होंने बिहार में लोगों से भी मदद की अपील की। शीला मंडल ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त हुए किसी भी व्यक्ति की खुलकर मदद किया करें। ये पुण्य का काम है। हम आप सभी लोग सड़क पर चलते हैं। ऐसे में दुर्घटनाग्रस्त हुए लोगों की मदद खुलकर करनी चाहिए। इससे किसी की जान बचाई जा सकती है।