जनप्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों का संवाद, गांवों में बैंकिंग विस्तार पर जोर
बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय भभुआ के तत्वावधान में बक्सर में जनप्रतिनिधि समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, वित्तीय समावेशन को मजबूत करने तथा पात्र लाभार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने को लेकर जनप्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई।
__ बिहार ग्रामीण बैंक के समन्वय सम्मेलन में वित्तीय समावेशन, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर हुई चर्चा
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय भभुआ के तत्वावधान में बक्सर में जनप्रतिनिधि समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, वित्तीय समावेशन को मजबूत करने तथा पात्र लाभार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने को लेकर जनप्रतिनिधियों और बैंक अधिकारियों के बीच विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम में जिला उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, जिला परिषद अध्यक्ष सरोज देवी, मुखिया संघ की अध्यक्ष कविता देवी, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक आनंद वर्धन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं बैंक अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रीय प्रबंधक रमेश कुमार ने बताया कि बिहार ग्रामीण बैंक राज्य के सभी 38 जिलों में 2,101 शाखाओं और करीब 7,400 ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने तथा उसका समय पर नवीनीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बैंक का लक्ष्य है—हर घर किसान क्रेडिट कार्ड, हर किसान समृद्ध। सम्मेलन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण, स्वरोजगार और आय बढ़ाने के अवसरों से जोड़कर ‘लखपति दीदी’ के लक्ष्य को गति देने पर भी चर्चा हुई। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने 16वें वित्त आयोग से संबंधित राशि बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, पीएम विश्वकर्मा, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, आवास एवं ग्रामीण आवास योजना सहित वाहन और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, एकीकृत भुगतान प्रणाली, डिजिटल बैंकिंग, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई गई।
__ जनप्रतिनिधियों ने रखीं समस्याएं

सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण खुला संवाद सत्र रहा। इसमें जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी बैंकिंग समस्याएं और सुझाव सीधे बैंक अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। जनप्रतिनिधियों से किसानों, महिलाओं, छोटे उद्यमियों और जरूरतमंद परिवारों को बैंक की योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। साइबर सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। ग्राहकों से अपना ओटीपी, पिन और पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने तथा अनजान लिंक और फर्जी फोन कॉल से सतर्क रहने की अपील की गई।

बैंक के जिला समन्वय अधिकारी सह मुख्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने कहा कि सशक्त जनप्रतिनिधि, सशक्त बैंकिंग और सशक्त ग्रामीण समाज का समन्वय ही विकास की मजबूत नींव है। सम्मेलन के माध्यम से बैंक ने ग्रामीण क्षेत्र के प्रत्येक परिवार तक बैंकिंग सेवाएं और विकास के अवसर पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई
