सातवें दिन भी नहीं टूटी सफाईकर्मियों की हड़ताल, सड़कों पर उतरा संघर्ष
बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर परिषद डुमरांव के सफाईकर्मियों की राज्यव्यापी हड़ताल बुधवार को सातवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के सातवें दिन सफाईकर्मियों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ मोर्चा और तेज करते हुए शहर की सड़कों पर मार्च निकाला तथा विभिन्न स्थानों पर सभाएं कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।


__ मांगों को लेकर नगर परिषद के खिलाफ सफाईकर्मियों का मार्च, कार्यपालक पदाधिकारी बोले—वार्ता के लिए बुलाया, नहीं आए तो वैकल्पिक व्यवस्था से होगी सफाई
केटी न्यूज/डुमरांव।
बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर नगर परिषद डुमरांव के सफाईकर्मियों की राज्यव्यापी हड़ताल बुधवार को सातवें दिन भी जारी रही। हड़ताल के सातवें दिन सफाईकर्मियों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ मोर्चा और तेज करते हुए शहर की सड़कों पर मार्च निकाला तथा विभिन्न स्थानों पर सभाएं कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।रोज की तरह बुधवार की सुबह भी तमाम सफाईकर्मी नगरपालिका बाजार कैंपस में जुटे। यहां से मार्च स्टेशन रोड, ब्लॉक, खिरौली, कड़वी होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा। स्टेशन स्थित दुर्गा मंदिर के समीप सभा हुई। इसके बाद मार्च डीएस कोठी रोड होते हुए पुराना भोजपुर चौक पहुंचा, जहां सफाईकर्मियों ने सभा कर अपनी मांगों को लेकर नगरवासियों से समर्थन मांगा। बाद में मार्च पुराना भोजपुर शिव मंदिर के समीप पहुंचा और वहां भी सभा आयोजित की गई।

__तख्तियां लेकर सड़क पर खड़े रहे सफाईकर्मी
मार्च के दौरान महिला और पुरुष सफाईकर्मी हाथों में अपनी मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर सड़क के दोनों किनारों पर शांतिपूर्वक खड़े रहे। उन्होंने राहगीरों और नगरवासियों से आंदोलन में सहयोग की अपील की। पुराना भोजपुर बाजार में सफाईकर्मी मुन्नी देवी ने सफाईकर्मियों की समस्याओं और कार्यस्थल पर होने वाली परेशानियों से लोगों को अवगत कराया।सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ की नगर इकाई के सचिव शिव शंकर तिवारी, वरिष्ठ सीपीआई नेता सह जिला परिषद सदस्य केदार यादव, भाकपा माले नेता सर्वेश कुमार पाण्डेय, बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के नेता ओमप्रकाश यादव, भाकपा माले नगर सचिव कृष्णा राम सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि उनकी तीन राज्यस्तरीय मांगें हैं, जिन्हें राज्य सरकार ही पूरा कर सकती है। वहीं, दस सूत्री मांगें नगर परिषद स्तर से जुड़ी हैं, जिन पर अब तक सकारात्मक पहल नहीं हुई है।वक्ताओं ने कार्यकारी चेयरमैन की ओर से मजदूर नेताओं पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप की जगह नगर परिषद को सफाईकर्मियों की स्थानीय समस्याओं और सुविधाओं का समाधान करना चाहिए।

___वार्ता नहीं हुई तो वैकल्पिक व्यवस्था से होगी सफाई
इधर, नगर परिषद डुमरांव के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने कहा कि मजदूर संगठनों को वार्ता के लिए बुलाया गया था, लेकिन बुधवार को पूरे दिन इंतजार के बावजूद वे वार्ता में शामिल नहीं हुए। गुरुवार को फिर से वार्ता के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर परिषद ने वैकल्पिक व्यवस्था की तैयारी कर ली है। यदि गुरुवार को वार्ता सफल नहीं होती है तो वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए शहर की सफाई कराई जाएगी।सभा में भगवान पासवान, जाबिर कुरैशी, शैलेन्द्र पासवान, रमिया देवी, शीला देवी, शोभा देवी, उधारी डोम, रिंकू राम, अजय जी, दीपक बास्फोर समेत बड़ी संख्या में सफाईकर्मी मौजूद रहे।

