कुलमनपुर नहर से बरामद हुआ युवक का शव, पुलिस ने हत्या की आशंका में शुरू की जांच

बासुदेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरांव नहर लाइन मार्ग पर कुलमनपुर गांव के समीप मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल बासुदेवा थाना पुलिस को दी गई।

कुलमनपुर नहर से बरामद हुआ युवक का शव, पुलिस ने हत्या की आशंका में शुरू की जांच

केटी न्यूज/नावानगर 

बासुदेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरांव नहर लाइन मार्ग पर कुलमनपुर गांव के समीप मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल बासुदेवा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नहर से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

शव का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने तथा कई दिनों तक पानी में पड़े रहने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का अनुमान है कि शव तीन से चार दिन पुराना है। जांच अधिकारियों का मानना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नहर में फेंक दिया गया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। थानाध्यक्ष विकास चंद्र ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को सूचना भेजी गई है। साथ ही गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।