डुमरांव का रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल बना गरीबों की आंखों की रोशनी का सहारा, 11 हजार से अधिक मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन
डुमरांव स्थित रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल ने सेवा और समर्पण के क्षेत्र में एक और उपलब्धि दर्ज करते हुए मंगलवार को नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्घाटन रोटरी इंटरनेशनल (बिहार-झारखंड) की जिलापाल रो. अनु नारंग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

__ नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का जिलापाल अनु नारंग ने किया उद्घाटन, एक दशक में 1.10 लाख से अधिक मरीजों का हुआ उपचार
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव स्थित रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल ने सेवा और समर्पण के क्षेत्र में एक और उपलब्धि दर्ज करते हुए मंगलवार को नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर का उद्घाटन रोटरी इंटरनेशनल (बिहार-झारखंड) की जिलापाल रो. अनु नारंग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अस्पताल की ओर से जरूरतमंद मरीजों के लिए चलाए जा रहे नेत्र उपचार और मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन अभियान की सराहना की गई।मुख्य अतिथि रो. अनु नारंग ने कहा कि किसी व्यक्ति की आंखों की रोशनी लौटाना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने रोटरी संस्था द्वारा स्वास्थ्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि रोटरी जगदीश आई हॉस्पिटल ने सीमित संसाधनों के बावजूद हजारों लोगों के जीवन में उजाला लाने का सराहनीय कार्य किया है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल के विकास और जनसेवा से जुड़े हर प्रयास में रोटरी संगठन का पूरा सहयोग मिलता रहेगा।अस्पताल के चेयरमैन प्रदीप जायसवाल ने अपने संबोधन में अस्पताल की दस वर्षों की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष रहते हुए इस अस्पताल की स्थापना का संकल्प लिया गया था। आज यह संस्थान बक्सर और आसपास के जिलों के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए भरोसे का केंद्र बन चुका है।उन्होंने बताया कि स्थापना के बाद से अब तक अस्पताल की ओपीडी में 1.10 लाख से अधिक मरीजों का इलाज किया जा चुका है। वहीं 11 हजार से अधिक आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का पूरी तरह नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कर उनकी आंखों की रोशनी वापस लौटाई गई है।

नियमित रूप से आयोजित होने वाले नेत्र जांच शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।समारोह के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम में पूर्व जिलापाल रो. संदीप नारंग, रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, सहायक जिलापाल टी. एन. चौबे, सचिव मनोज वर्मा, दीपक अग्रवाल, प्रदीप चौरसिया, मीना सिंह, राजकुमार सिंह, सौरभ तिवारी, ज्योति जोशी, सतेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुजीत कुमार, राघवजी, पूर्व अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम, राजेश गोयल सहित बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

