घर जाने के लिए आरा से बाइक से निकले युवा किसान का शाहपुर में मिला शव, हत्या का आरोप शाहपुर के बनाही से मिले शव का तीसरे दिन पहचान:

घर जाने के लिए आरा से बाइक से निकले युवा किसान का शाहपुर में मिला शव, हत्या का आरोप   शाहपुर के बनाही से मिले शव का तीसरे दिन पहचान:

मृतक की संदेश थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी किसान के रूप में की गयी पहचान 

परिजनों ने एक साल के पूर्व में खेत से ट्रैक्टर ले जाने के विवाद में हत्या करने का लगाया आरोप

शाहपुर के बनाही ओवरब्रिज के पास मिला था शव, आरा में ओवरब्रिज के पास मिली थी बाइक 

मामले की जांच में जुटी पुलिस,खंगाल रही किसान के गायब मोबाइल का सीडीआर 

केटी न्यूज/आरा

शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही ओवर ब्रिज के पास मिले शव की तीसरे दिन शनिवार को पहचान की गयी। मृतक संदेश थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी शैलेश कुमार राय के 25 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार उर्फ मुरली था। वह किसान था।परिजनों की ओर से पूर्व के खेत से ट्रैक्टर ले जाने के विवाद में फुलाड़ी गांव के दो-तीन लोगों पर अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार उसकी बाइक आरा के न्यू ओवरब्रिज के पास से बरामद की गयी थी। हालांकि मोबाइल अब तक बरामद नहीं किया जा सका है। उसके पिता शैलेश कुमार राय ने बताया कि वह बुधवार की दोपहर करीब बारह बजे घर से बाइक से नवादा थाना क्षेत्र के विष्णु नगर अपने किराए के मकान पर आया था। गुरुवार की दोपहर करीब ढाई बजे वह अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। शाम करीब पौने पांच बजे तक उसका मोबाइल ऑन था। उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो

गया। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा, तो उसकी खोजबीन की गयी। लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया था। तब नवादा थाना में अपहरण का आवेदन दिया गया। इस बीच हिंदी अखबार में छपी खबर को देखकर आरा सदर अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम गृह में कपड़े देखकर उसकी पहचान की। उसके बाद नवादा थाने की पुलिस को सूचना दी गई। उस आधार पर ट्रेनी डीएसपी अपूर्व कुमारी और नवादा थानाध्यक्ष कमल जीत पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। अफसरों ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। उसके बाद परिजन शव को दाह-संस्कार के लिए वापस गांव ले गए।

बता दें कि गुरुवार को शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही ओवर ब्रिज के समीप सड़क किनारे से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। उसके बाद पुलिस द्वारा सड़क हादसे में मौत की आशंका जताते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। बताया जा रहा है कि युवक की बाइक नवादा थाना क्षेत्र के न्यू ओवर ब्रिज स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास से बरामद की गयी थी। हालांकि मोबाइल गायब है। पुलिस मोबाइल के जरिए ही मामले की छानबीन में जुटी है।‌

पिता बोले: फुलाड़ी गांव के कुछ लोगों से एक साल पूर्व खेत से ट्रैक्टर ले जाने को लेकर हुआ था विवाद 

अभिषेक कुमार उर्फ मुरली के पिता शैलेश कुमार राय ने बताया कि एक वर्ष पूर्व खेत से ट्रैक्टर ले जाने के विवाद को लेकर फुलाड़ी गांव निवासी कुछ व्यक्तियों से झगड़ा हुआ था। तब मारपीट भी हुई थी। उसे समय से उन लोगों से विवाद चल रहा है। उन्होंने उसी विवाद में फुलाड़ी गांव के पांच लोगों पर अपने बेटे को अगवा करने के बाद धारदार हथियार से मारकर और तेजाब डाल कर पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है।

बहरहाल पुलिस मोबाइल के जरिए मामले की तफ्तीश और गुत्थी सुलझाने में जुटी है। पुलिस उसके गायब मोबाइल की सीडीआर खंगाला रही है। बताया जा रहा है कि अभिषेक कुमार उर्फ मुरली दो भाई में बड़ा था। उसके परिवार में मां पुष्पा देवी और छोटा भाई आलोक कुमार है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है। मां पुष्पा देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।