बक्सर में चलती ऑटो पर गिरा आम का पेड़ महिला यात्री की मौत,3 जख्मी
रविवार की दोपहर एनएच 120 पर एक चलती ऑटो रिक्शा पर आम का विशाल पेड़ उखड़कर गिर गया।

केटी न्यूज/डुमरांव
रविवार की दोपहर एनएच 120 पर एक चलती ऑटो रिक्शा पर आम का विशाल पेड़ उखड़कर गिर गया। इस घटना में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेम्पो चालक व उसकी पत्नी समेत कुल तीन यात्री आंशिक रूप से घायल हुए है। घटना दोपहर 12.15 बजे कोरानसराय सराय थाना क्षेत्र के मुंगाव मोड़ के पास की है। इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल डायल 112 तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा उसे उठाकर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेजी। मृतका की पहचान नावानगर थाना क्षेत्र के आथर गांव निवासी बिरेन्द्र सिंह की 46 वर्षीय पत्नी कौशल्या देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद से मृतका के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका दोहपर में अपने घर से डुमरांव के साफाखाना रोड स्थित अपनी छोटी बहन ललिता देवी पति जगतधारी सिंह से मिलने उसके घर टेम्पो से जा रही थी। जैसे ही उसका ऑटो मुंगाव मोड़ के पास पहुंची कि सड़क किनारे खड़ा एक आम का विशाल पेड़ अचानक टूटकर गिर पड़ा। जिसमें दबने से उसकी मौत हो गई। कोरानसराय थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुंगाव मोड़ के पास पेड़ गिरने से एक महिला यात्री की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
परिजनों की चिख पुकार से गमगीन हो गया था माहौल
महिला की मौत की खबर के बाद घटना स्थल पर पहुुंचे परिजनों की चिख पुकार से माहौल गमगीन हो गया था। अनुमंडलीय अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद तो परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे थे। जानकारी के अनुसार मृतका की दो पुत्रियां तथा दो पुत्र है। बड़ा पुत्र आर्मी की नौकरी करता है। मां की मौत की सूचना मिलते ही वह अपनी ड्यूटि से छुट्टी ले गांव के लिए चल पड़ा है। जबकि पति, छोटे पुत्र तथा दोनों पुत्रियों का रो रोकर बुरा हाल था। उनके आंसू थमने के नाम नहीं ले रहे थे।