एसएसबी जवान की पत्नी के पंखे के कुंडी से लटका मिला शव, हत्या का आरोप

एसएसबी जवान की पत्नी के पंखे के कुंडी से लटका मिला शव, हत्या का आरोप

नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड गौतम नगर मोहल्ले में बुधवार की सुबह की घटना

मामले वालों का घरेलू विवाद में सास सहित ससुराल वालों पर हत्या करने का लगाया जा रहा आरोप

आठ दिन पूर्व सास और बहू में घरेलू विवाद को लेकर हुआ था झगड़ा

शव का पोस्टमार्टम कराने के बादजांच में जुटी पुलिस, हत्या और खुदकुशी के एंगल से तफ्तीश  

डाक्टरों की चार सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की ओर से किया गया शव का पोस्टमार्टम 

केटी न्यूज /आरा

नवादा थाना क्षेत्र के गोढ़ना रोड गौतम नगर मोहल्ले में बुधवार की सुबह एक एसएसबी जवान की पत्नी का शव पंख के कुंडी से लटका मिला। वह दुपट्टा के सहारे पंखे की कुंडी से लटकी थी। उसके पैर के घुटने के पास चोट जबकि अंडरवियर में खून व पानी के निशान मिले हैं। मृत महिला गोढ़ना रोड गौतम नगर मोहल्ला निवासी अरविंद कुमार एसएसबी जवान की 28 वर्षीया पत्नी मधु कुमारी थी। ढाई साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। अरविंद कुमार वर्तमान में भोपाल में पोस्टेड हैं। उसके ससुर किशोरी ठाकुर जैन कॉलेज के रिटायर कर्मी हैं। उसके मायके वालों की ओर से घरेलू विवाद में

ससुराल वालों पर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष शंभू कुमार भगत पुलिस बल के साथ पहुंचे और अपने स्तर से मामले की छानबीन की। उसके बाद मेडिकल बोर्ड गठित कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। उसके लिए सिविल सर्जन सुरेश प्रसाद सिंह की ओर चार डॉक्टरों की टीम गठित की गयी थी। उसमें डा. सूर्यकांत निराला, डा. नवनीत कुमार चौधरी, डा.अशोक कुमार और डा.आरती शामिल थी। टीम द्वारा जांच के लिए  पोस्टमार्टम के दौरान महिला का वेजाइनल स्वाब भी लिया गया। सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी मधु कुमारी के बड़े भाई प्रभाकर शर्मा उर्फ मंटू ने बताया कि उसकी बहन की शादी 15 फरवरी 2021 में गौतम नगर निवासी किशोरी ठाकुर को पुत्र अरविंद कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद से ही उसकी सास द्वारा उसके  गाली-गलौज की जाने लगी थी। उसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। उसका पति भी उसे अपने साथ नहीं ले जा रहा था। उसका कहना था कि जब तक माता-पिता है, तबतक उनकी सेवा करना है। इस बीच बुधवार की सुबह उसके ससुर किशोरी ठाकुर द्वारा फोन कर जानकारी दी गयी कि

मधु ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलने पर वह परिजनों के साथ उसके ससुराल पहुंचा, तो देखा कि उनकी बहन मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी है। उसके बाद उसके द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी। उसके द्वारा बहन मधु की सास, ससुर ननद और बहनोई पर घरेलू विवाद में फांसी लगा कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। इधर, पुलिस मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में महिला की मौत फांसी लगाने के कारण होने की आशंका जताई गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। बहरहाल पुलिस खुदकुशी और हत्या दोनों एंगल से तफ्तीश कर रही है।

ससुर बोले: सुबह चाय देने नहीं आयी,  तो नतिनी देखने गयी, तब पता चला कि वह पंखे से लटकी है 

मधु कुमारी के ससुर किशोरी ठाकुर का कहना है कि उसने खुद से फांसी लगा ली है। हालांकि उन्होंने मधु और उसकी सास के बीच विवाद की बात भी स्वीकार की है। लेकिन हत्या की घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि आठ दिन पूर्व सास बहू के बीच घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि बात खत्म हो गयी थी। मंगलवार की रात सभी को खाना खिलाने और वह खुद खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थी। वह रोज सुबह उन्हें चाय देती थी। बुधवार की सुबह सात बजे तक चाय लेकर नहीं आयी। तब उन्होंने अपनी नातिन को उसे देखने के लिए भेजा

उस पर नतिनी उसके कमरे में गई। तब पता चला कि उसने खुदकुशी कर ली है। नतिनी के शोर मचाने पर वह उसके कमरे में गये, तो देखा कि पलंग में लगा प्लाई हटा था और उस पर स्टूल रखा था। उनकी बहू मधु पंखे के कुंडी से लटकी हुई थी। उसके बाद उन्होंने पंखे के कुंडी से उसके शव को नीचे उतरा और उसके भाई को घटना की सूचना दी। 

चार भाइयों के बीच इकलौती  बहन थी मधु, मौत से घर में कोहराम

मधु कुमारी अपने चार भाइयों के बीच इकलौती और लाडली एक बहन थी ।उसके परिवार में मां सुमित्रा देवी, भाई दिवाकर शर्मा, प्रभाकर शर्मा उर्फ मंटू, सुधाकर शर्मा और विभाकर शर्मा हैं। इ दिवाकर शर्मा आर्मी में, प्रभाकर शर्मा उर्फ मंटू रेलवे में इंजीनियर हैं। सुधाकर शर्मा और विभाकर शर्मा सरकारी शिक्षक हैं। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।