जिलाधिकारी ने प्रतिमा विसर्जन और शोभा यात्रा के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता की दी जानकारी

जिलाधिकारी अमन समीर ने दुर्गापूजा और अन्य त्योहारों के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। उन्होंने दुर्गा पूजा के संदर्भ में निर्देशित किया कि सभी प्रतिमा और विसर्जन यात्रा के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने प्रतिमा विसर्जन और शोभा यात्रा के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता की दी जानकारी

केटी न्यूज़/छपरा

जिलाधिकारी अमन समीर ने दुर्गापूजा और अन्य त्योहारों के अवसर पर विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। उन्होंने दुर्गा पूजा के संदर्भ में निर्देशित किया कि सभी प्रतिमा और विसर्जन यात्रा के लिए लाइसेंस की अनिवार्यता सुनिश्चित की जाए। सभी थाना, प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर स्थानीय पूजा समितियों और आयोजकों के साथ तुरंत बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश देने का आदेश दिया गया।

इसके साथ ही, उन्होंने स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने का भी निर्देश दिया। विद्युत आपूर्ति के कार्यपालक अभियंता को सभी स्थानों पर जर्जर बिजली तारों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर निगम और अन्य सभी नगर निकायों को साफ-सफाई को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए।

पुलिस उपाधीक्षक यातायात को छपरा शहर के लिए पूजा के अवसर पर एक स्पष्ट ट्रैफिक प्लान तैयार करने और इसकी पूर्व जानकारी देने का निर्देश दिया गया। शहरी क्षेत्रों में उचित रौशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी नगर निकायों को निर्देशित किया गया।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से मेन रोड और रेलवे लाइन के किनारे स्थित आयोजन स्थलों का निरीक्षण करने का भी आदेश दिया गया। इसके अलावा, प्रतिमा विसर्जन सीधे नदियों में नहीं किया जाएगा, इसके लिए कृत्रिम जलाशयों का निर्माण करने का निर्देश दिया गया। विसर्जन के लिए चिन्हित सभी घाटों पर आपदा प्रबंधन मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।

इस बैठक में उपविकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, और थाना प्रभारी जुड़े थे।