बलबतरा हत्याकांड : पतंग उड़ाने के विवाद में सनकी दोस्त ने की चाकू गोदकर किशोर की हत्या

बलबतरा हत्याकांड : पतंग उड़ाने के विवाद में सनकी दोस्त ने की चाकू गोदकर किशोर की हत्या
अस्पताल में परिजनों से जानकारी लेती पुलिस

- पिता के बयान पर किशोर के दोस्त के खिलाफ दर्ज करायी गयी प्राथमिकी

- सोमवार की शाम दुकान से ले जाकर चाकू मार की गयी थी किशोर की हत्या

केटी न्यूज/आरा

जिला मुख्यालय के नगर थाना अंतर्गत बरहबतरा मोहल्ले में सोमवार की देर सनकी युवक ने एक किशोर की चाकू से गोदकर हत्या डाली। दोनों के बीच शाम में पतंग उड़ाने को लेकर विवाद हुआ था। जिससे नाराज सनकी युवक ने वारदात को अंजाम दिया। मृत किशोर की पहचान इरशाद हुसैन के बेटे सैफ हुसैन उर्फ राजा के रूप में की गई। जो वारदात से पहले दोपहर में अपने दोस्त बलबतरा निवासी जमीरूद्दीन के बेटे रिजवान के साथ दोपहर में पतंग उड़ा रहा था। पतंग उड़ाने के दौरान रिजवान ने सैफ को गाली दी। जिसका उसने विरोध किया और घर लौट आया। शाम में सैफ अपने पिता का हाथ बटाने के लिए अपनी चाउमिन की दुकान पर चला गया। इस बीच, शाम में रिजवान भी उनके दुकान पर पहुंचा और सैफ को बुला कर अपने साथ खेत की ओर ले गया। खेत में जाकर रिजवान सैफ की पिटाई करने लगा। जब सैफ शोर मचाने लगा, तब रिजवान ने उसे चाकू घोंप दिया। सैफ की आवाज सुन कर लोग खेतों की ओर भागे। जिसे देख रिजवान वहां से भाग निकला। खून से लथपथ देखकर लोग सैफ को तत्काल सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घर से ही पकड़ा गया हत्यारा दोस्त 

चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल आने से पूर्व ही किशोर की मौत हो गई थी। मामले की जानकारी आग की तरह शहर में फैल गई। किशोर की मौत खबर सुनने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। इधर, वारदात की सूचना मिलते ही एएसपी हिमांशु के नेतृत्व में नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पिता से पूरे मामले की जानकारी ली। मृतक के पिता ने बताया कि घटना के पूर्व सैफ का दोस्त रिजवान उसे बुलाकर ले गया था। जिसके बाद पुलिस ने रिजवान की तलाश में इलाके में छानबीन शुरू की। पुलिस ने रिजवान को उसके घर दबोच लिया। जिसके बाद पूछताछ करने पर रिजवान में हत्या में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस को सौंपा। जिसे उसने पानी से अच्छे तरीके से साफ कर दिया था।

आरोपी ने कबूल किया अपना जुर्म 

मामले में एएसपी हिमांशु ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनाें से पूछताछ की। जहां परिजनों ने रिजवान पर हत्या की आशंकर जताई। जिसके बाद उसकी तलाश की गई। जहां आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार की सुबह उसे कोर्ट के समझ प्रस्तुत किया गया।