मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, एक जख्मी

मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, एक जख्मी

मौसी के लड़की की शादी में शरीक होकर वापस लौटते समय हुआ हादसा

केटी न्यूज /गाजीपुर

पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत पड़ाव बहादुरपुर रोड पर बृहस्पतिवार को दिन में 11 बजे मिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से सुजाबाद निवासी बाइक सवार विनोद साहनी (25) की मौत हो गई। वहीं बाइक पर बैठा दूसरा युवक शिवचरण (25) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। विनोद अपनी मौसी के लड़की शादी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहा था।

घटना के बाद जब तक लोग जुटते ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ट्रैक्टर को जलीलपुर पुलिस चौकी पर ले आई है। सुजाबाद गांव निवासी विनोद साहनी पुत्र लालचंद साहनी के मौसी के बेटी की शादी चंदौली में थी।

शादी में शरीक होने के लिए वह गांव के ही अपने मित्र शिवचरण को साथ लेकर चंदौली गया था। शादी के बाद बृहस्पतिवार को वह चंदौली से वापस लौट रहा था। वह बहादुरपुर गांव के समीप पहुंचा था कि पीछे से मिट्टी लादकर आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे विनोद साहनी ट्रैक्टर के नीचे आ गया। वहीं पीछे बैठा शिवचरण धक्के से दूर जा गिरा।

इस घटना में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। शिवचरण में घटना की सूचना परिवार वालों को दी। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों के साथ पुलिस भी पहुंच गई। दोनों को बीएचयू ट्रॅामा सेंटर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना स्थल से ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जलीलपुर पुलिस चौकी पर ले आई।

विनोद की मौत की घटना से परिवार वालों में कोहराम मच गया। विनोद साहनी चार भाई और दो बहनों में तीसरे नंबर पर था। आंखों के सामने बेटे का शव देख कर विनोद की मां भगवानी देवी रोते रोते अचेत हो जा रही थी। वहीं पिता लालचंद और भाइयों बहनों का भी रो रोकर हाल बेहाल हो गया। इस संंबंध में निरीक्षक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई कर रही है।