चलती ट्रेन में उत्पाद विभाग की टीम से हाथापाई करने वाले चार तस्कर गिरफ्तार, रेल डीएसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
चलती ट्रेन में शराब तस्करी, चेन पुलिंग और पुलिस टीम से हाथापाई के सनसनीखेज मामले का रेल पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला तस्कर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से शराब, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।

__ मद्य निषेध टीम से धक्का-मुक्की के बाद शुरू हुई जांच में खुला नेटवर्क का राज, कई अन्य तस्करों की तलाश में छापेमारी जारी, गिरफ्तार आरोपितों में दो महिलाएं भी शामिल
केटी न्यूज/बक्सर
चलती ट्रेन में शराब तस्करी, चेन पुलिंग और पुलिस टीम से हाथापाई के सनसनीखेज मामले का रेल पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला तस्कर समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से शराब, मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश से शराब लाकर बिहार के विभिन्न जिलों में खपाने का संगठित नेटवर्क चला रहा था।रेल डीएसपी कंचन राज ने रविवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर इसकी जानकारी दी।प्रेस वार्ता में रेल डीएसपी ने बताया कि 27 मई को लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस में शराब तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मद्य निषेध विभाग की टीम ट्रेन में जांच अभियान चला रही थी।

इसी दौरान तस्करों ने कार्रवाई से बचने के लिए डुमरांव और कुशलपुर हरनाहा हॉल्ट के बीच चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। ट्रेन रुकते ही कई लोग नीचे उतरकर भागने लगे। रोकने का प्रयास करने पर कुछ तस्करों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की थी।घटना के बाद रेल पुलिस, मद्य निषेध विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने वैशाली जिले की खुशबू कुमारी उर्फ जहाना खातून, जहानाबाद निवासी अंकित कुमार, सारण के वीरेंद्र कुमार राय उर्फ लालू तथा नालंदा निवासी रंजन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार खुशबू कुमारी इस नेटवर्क की प्रमुख कड़ी थी, जो उत्तर प्रदेश के दिलदारनगर से शराब मंगवाकर बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करती थी।

वहीं अंकित कुमार वितरण व्यवस्था संभालता था और शराब को अन्य कारोबारियों तक पहुंचाने का काम करता था। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की गई है।गिरफ्तार आरोपितों के पास से पांच एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, दो मोटरसाइकिल तथा 3.270 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। जब्त मोबाइल फोन की जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।रेल डीएसपी ने बताया कि चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वाले अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

