कर्मनाशा पुल पर दबोचा गया अर्जुन यादव हत्याकांड का अंतिम आरोपी
चौसा पावर प्लांट के समीप पिछले वर्ष हुए चर्चित अर्जुन यादव हत्याकांड में फरार चल रहे अंतिम आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे उस समय दबोचा जब वह उत्तर प्रदेश से कर्मनाशा पुल के रास्ते बक्सर जिले में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड के सभी आरोपियों तक पहुंचने का दावा पुलिस ने किया है।
__ गुजरात में छिपकर बैठा था सहयोगी, यूपी से बक्सर आते ही एसआईटी ने किया गिरफ्तार; पहले ही नौ आरोपी जा चुके हैं जेल
केटी न्यूज/बक्सर
चौसा पावर प्लांट के समीप पिछले वर्ष हुए चर्चित अर्जुन यादव हत्याकांड में फरार चल रहे अंतिम आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे उस समय दबोचा जब वह उत्तर प्रदेश से कर्मनाशा पुल के रास्ते बक्सर जिले में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस हत्याकांड के सभी आरोपियों तक पहुंचने का दावा पुलिस ने किया है।बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) गौरव पांडेय ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 26 मई को चौसा पावर प्लांट के समीप अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी राजद नेता अर्जुन यादव को गोली मार दी थी।

गंभीर रूप से घायल अर्जुन यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद बक्सर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 232/25 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले ही इस मामले में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी दिनेश यादव लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस की दबिश बढ़ने के बाद वह गुजरात भागकर वहां छिपकर रह रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दिनेश यादव गुजरात से लौटकर उत्तर प्रदेश के रास्ते बक्सर आने वाला है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने कर्मनाशा पुल के पास घेराबंदी कर दी। मंगलवार की रात जैसे ही वह यूपी की ओर से बक्सर में प्रवेश करने लगा, पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश यादव, पिता रामाश्रय यादव, निवासी इमामुद्दीनपुर, तहसील कासिमाबाद, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान उसने मुख्य शूटर के सहयोगी के रूप में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुफस्सिल थाना के अलावा इटाढ़ी थाना में भी उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है।पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डीआईयू के पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस का दावा है कि इस गिरफ्तारी के साथ ही अर्जुन यादव हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो गई है।

