14 अप्रैल को हुई थी शादी गवना के लिए ससुर को किया फोन मना किया तो झूल गया फंदे से मौत

14 अप्रैल को हुई थी शादी गवना के लिए ससुर को किया फोन मना किया तो झूल गया फंदे से मौत

14 अप्रैल को हुई थी शादी गवना के लिए ससुर को किया फोन मना किया तो झूल गया फंदे से मौत 

गवना कराने मुंबई से गांव आया था युवक, घर में लटका मिला शव 

तरारी थाना क्षेत्र के धनगावां गांव में मंगलवार की सुबह हुई घटना, घर के अंदर पंखे की कुंडी से लटका मिला शव

रविवार को पत्नी और ससुर से बात करने के बाद बंद चल रहा था युवक का मोबाइल

पिछले 14 अप्रैल को हुई थी युवक की शादी, गवना कराने का कर रहा था इंतजार

मौत का कारण स्पष्ट नहीं, मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस

केटी न्यूज /आरा

भोजपुर के तरारी थाना क्षेत्र के धनगावां गांव में मंगलवार की सुबह एक युवक का शव उसके घर में पंखे की कुंडी से लटका मिला। शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटक रहा था। मृत युवक धनगावां गांव निवासी अयोध्या प्रसाद गुप्ता का 25 वर्षीय पुत्र कृष्णा अयोध्या प्रसाद गुप्ता था। वह मुंबई में प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसकी पिछले 14 अप्रैल को शादी हुई थी। फिलहाल वह गवना कराने गांव आया था। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उसके जीजा संतोष कुमार ने बताया कि कृष्णा मुंबई में प्राइवेट जॉब करता था। वह अपने पूरे परिवार के साथ मुंबई में ही रहता था। इसी साल 14 अप्रैल को उसकी सहार थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी रीमा कुमारी से शादी हुई थी। उसका गवना नहीं हुआ था। शादी के बाद वह मुंबई चला गया था। वह 10 दिन पूर्व घूमने और गवना कराने के लिहाज से मुंबई से गांव आया था। रविवार को पत्नी रीमा कुमारी को फोन कर गवना की बात की थी। तब उसके ससुर ने कहा कि अभी शुभ दिन नहीं बन रहा है। इस कारण अभी गवना नहीं होगा। उसके बाद उसने फोन काट दिया। इस बीच यह घटना हो गयी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। इधर, शव को देखने के बाद रविवार को ही फांसी लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा।

गांव के लोगों ने फोन पर दी मुंबई में घरवालों को जानकारी

युवक के जीजा संतोष कुमार ने बताया कि रविवार के बाद से ही उसके परिजन उसको लगातार कॉल कर रहे थे। लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं हो रहा था। इस बीच मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों द्वारा फोन कर मुंबई में रह रहे उसके परिजनों को घटना की सूचना दी गई। फिर परिजन धनगावां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसने फांसी कब और किस कारण से लगाई। बताया जा रहा है कि युवक चार भाई और एक बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में भाई अर्जुन, रवि, प्रिंस और बहन मनीषा है। सूचना मिलने के बाद परिजन गांव के लिए निकल गये हैं। 

शादी के दो माह बाद ही उजड़ गया रीमा का सुहाग

कृष्णा की मौत से उसकी नयी-नवेली दुल्हन रीमा का शादी के ठीक दो माह बाद ही सुहाग उजड़ गया। अभी उसके हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी और मांग का सिंदूर पोंछना पड़ गया। ससुराल जाने से पहले ही वह विधवा हो गयी। शादीशुदा जीवन जीने के उसके सारे सपने एक पल में ही बिखर गए। इस घटना के बाद उसके घर में कोहराम मचा है। शादी की खुशी अचानक छिन गयी। वहीं कृष्णा के घर में भी रोना-धोना मचा है। पति के वियोग में रीमा का बुरा हाल था। परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।