जमीन के विवाद में चाचा ने भतीजे को मारा चाकू, पिता पर भी आरोप

जमीन के विवाद में चाचा ने भतीजे को मारा चाकू, पिता पर भी आरोप

केटी न्यूज/आरा

गजराजगंज ओपी क्षेत्र के चौकीपुर गांव में बुधवार की शाम जमीन के विवाद में चाचा ने भतीजे को चाकू मार दिया। उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा। जख्मी चौकीपुर गांव निवासी श्याम जी पासवान का 25 वर्षीय पुत्र करण पासवान है।

उसने बताया कि उसके पिता ने दो शादियां की है। उनकी पहली शादी उसकी मां मनिया देवी से हुई है और वह अपने मां का इकलौता पुत्र है। उसके पिता की दूसरी शादी रेणु देवी नामक महिला से की है। उन्हें तीन पुत्र हैं। उसके पिता द्वारा संपत्ति में उसे कोई हिस्सा नहीं दिया गया।

कुछ दिन पूर्व उसने उनके घर के बगल में ही जमीन खरीदी है। उसके पिता द्वारा कहा जा रहा है कि उनके मकान के बगल में जमीन मत खरीदो। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा है। बुधवार की शाम वह अपनी जमीन पर गया हुआ था। तभी उसके पिता व चाचा आ गए और गाली-गलौज करने लगे।

उसने विरोध किया, तो उनके बीच कहासुनी होने लगी। उसके बाद उसके पिता ने उसे पकड़ लिया और चाचा नंदजी पासवान द्वारा उसे चाकू मार दिया गया। उसने चाचा पर मारपीट करने के दौरान सोने की चैन और पैसे छीनने का भी आरोप लगाया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।