सिकंदराबाद से लौटे युवक को घर के पास मारी गोली, प्रेम प्रसंग समेत कई बिंदुओं पर जांच तेज
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में शुक्रवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को घर के समीप गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

__ डीएसपी की निगरानी में छापेमारी जारी, घायल की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर
केटी न्यूज/चौसा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज गांव में शुक्रवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को घर के समीप गोली मारकर इलाके में सनसनी फैला दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।घायल युवक की पहचान लालगंज निवासी गोवर्धन साह के 25 वर्षीय पुत्र सोनू साह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सोनू साह दो दिन पहले ही सिकंदराबाद से अपने गांव लौटा था। शुक्रवार की शाम वह गांव में मौजूद था, तभी अज्ञात हमलावर पीछे से पहुंचे और बेहद नजदीक से उसे गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

गोली लगते ही सोनू साह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच चल रही है। प्रारंभिक जांच में पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि पुलिस फिलहाल किसी एक कारण को लेकर निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।

डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव में कैंप कर रही है और संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की विशेष निगरानी जारी है।

