रोशनी की नई उम्मीद: दलित बस्ती के 17 मोतियाबिंद मरीजों का होगा मुफ्त ऑपरेशन
स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की मुहिम के तहत शुक्रवार को चौगाईं प्रखंड के फफ़दर गांव स्थित अनुसूचित जाति बस्ती में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौगाईं के प्रभारी डॉ. मितेंद्र कुमार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अमीर परवेज एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों की आंखों की गहन जांच की।

__फफ़दर गांव में लगे निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 100 लोगों की हुई जांच, 15 अगस्त को फिर लगेगा विशेष शिविर, जरूरतमंदों को मिलेगा मुफ्त चश्मा
केटी न्यूज/चौगाईं
स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की मुहिम के तहत शुक्रवार को चौगाईं प्रखंड के फफ़दर गांव स्थित अनुसूचित जाति बस्ती में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौगाईं के प्रभारी डॉ. मितेंद्र कुमार के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अमीर परवेज एवं उनकी टीम ने ग्रामीणों की आंखों की गहन जांच की। शिविर में कुल 100 लोगों की ओपीडी की गई, जिसमें 17 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई।शिविर के दौरान कई ग्रामीणों में कमजोर दृष्टि और अन्य नेत्र संबंधी समस्याएं भी सामने आईं। सभी मरीजों को निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाएं और आगे के उपचार की सलाह उपलब्ध कराई गई।

मोतियाबिंद से पीड़ित 17 मरीजों को आगामी मंगलवार को बक्सर सदर अस्पताल ले जाकर मुफ्त ऑपरेशन कराया जाएगा, ताकि उनकी आंखों की रोशनी वापस लौट सके।नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अमीर परवेज ने कहा कि राष्ट्रीय अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक बेहतर नेत्र चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से अंधत्व जैसी गंभीर समस्या से बचा जा सकता है।शिविर में मौजूद चिकित्सकों ने लोगों को आंखों की नियमित जांच, स्वच्छता, पौष्टिक आहार और बढ़ती उम्र में होने वाली नेत्र संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक किया।

उन्होंने सलाह दी कि आंखों में धुंधलापन, कम दिखाई देना या अन्य परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय अंधापन नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक और निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त चश्मा भी वितरित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

